- माफिया द्वारा भूमि फार्म हाऊस के नाम पर सरकार और खरीददार को लगाया जा चूना भोपाल (ईएमएस)। कोलार से सलैया जाने वाली सड़क पर अवैध होर्डिंग की कतार से मार्ग पर गुजरने वाले वाहन चालकों के लिये दुर्घटना का सबक बन चुका है। सड़क के दोनों किनारे फार्म हाऊस विक्रय की होर्डिंग्स प्रत्येक 500 मीटर पर लगी हुई है। क्षेत्र के लैंड माफिया द्वारा 1000 से 3000 तक की भूमि फार्म हाऊस के नाम पर विक्रय कर सरकार और खरीददार दोनों को चूना लगाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोड पर ही देवरी कलां ग्राम जो अब नगर निगम क्षेत्र में आ गया है, कृषि भूमि पर कॉलोनी विकसित किया गया है जो कि कॉलोनी के लिये निर्धारित नियमों का उल्लंघन है। एक बार प्रशासन ने उसे तोड़ दिया था परन्तु बाद में फिर निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। ऐसा बताया जाता है कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से यह काम हो रहा है। इसी क्षेत्र में बालाजी फेंसिंग का फेंसिंग बनाने का कारखाना भी संचालित है। मुख्य सड़क पर कई स्थानों पर इसकी होर्डिंग देखी जा सकती है। एक निजी प्लाट के सामने भी होर्डिंग्स लगा दी है। जब उसे एक व्यक्ति ने मना किया तो कहा कि जो करना हो कर लो, सड़क पर होर्डिंग लगायी है प्रश्न उठता है क्या होर्डिंग लगाने की अनुमति जिला प्रशासन या नगर निगम द्वारा दी गई है? अगर नहीं तो शीघ्र उन होर्डिंग लगाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाये और होर्डिंग हटायी जाये। वाहन चालक उन विज्ञापनों को पड़ेंगे तो दुर्घटना हो सकती है। ये होर्डिंग दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं। इसके अलावा दुकान व कारखाना चलाने वाले बिजली का तार डाल कर बिजली विभाग की मिलीभगत से बिजली प्राप्त कर रहे है। ये तार कभी भी गिरकर मार्ग पर चलने वाले या कृषि कार्य करने वाले मजदूरों पर गिर सकते हैं क्योंकि बांस के डंडों के सहारे इन तारों को लटकाया गया है। नगर निगम, जिला प्रशासन और विद्युत विभाग को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। क्योंकि इस प्रकार की होर्डिंग से नगर की सुंदरता समाप्त होती है और सुगम यातायात नहीं होता। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चाहते हैं कि भोपाल नगर स्वच्छता में अग्रणी रहे मगर इस प्रकार के भूमाफिया मुख्यमंत्री के सपनों को पलीता लगा रहे हैं।