भोपाल, (ईएमएस)। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित अखिल भारतीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। यह आयोजन 3 से 8 मार्च तक सरस्वती विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय, शारदा विहार, केरवां बांध मार्ग में होगा। इस अभ्यास वर्ग में देशभर से 700 से अधिक पूर्णकालिक कार्यकर्ता भाग लेंगे, जो राष्ट्रसेवा, संगठन शक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रतीक बनेंगे। इस अभ्यास वर्ग का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक दक्षता और नेतृत्व कौशल से सशक्त बनाना है। यह वर्ग उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए संगठित और प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा। शिक्षण और प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए अभ्यास वर्ग को दो श्रेणियों, छह समूहों और 11 कार्यक्षेत्रों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक समूह की अपनी विशेष जिम्मेदारी होगी, जिसमें वे योजनाबद्ध बैठकों, संगठनात्मक समन्वय और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं विद्या भारती के अखिल भारतीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जो कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा और संगठन शक्ति के महत्व को समझाएंगे। यह आयोजन पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त परिसर में होगा, जिससे इसे पर्यावरण-संवेदनशील बनाया जाएगा। इसके अलावा, आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास, भोजन, परिवहन और अन्य व्यवस्थाएँ भी सुनिश्चित की गई हैं। इस आयोजन में भारत के गौरवशाली अतीत और उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाने के लिए डिजिटल एवं मैन्युअल प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। ये प्रदर्शनियाँ भारत की संस्कृति, विज्ञान, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के अद्वितीय पहलुओं को दर्शाएँगी। इसके अलावा, कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सामाजिक परिवर्तन को प्रत्यक्ष रूप से समझने के लिए ग्रामदर्शन योजना के तहत विभिन्न गाँवों का दौरा कराया जाएगा। इससे वे अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बना सकेंगे। भोपाल के कार्यकर्ता बीते तीन माह से स्वागत तैयारियों में जुटे हैं। इस आयोजन के लिए एक बड़ा डोम, छह छोटे पंडाल, प्रदर्शनी, स्वागत द्वार, वंदन वार, तोरण द्वार और दीवार पेंटिंग की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। मध्यप्रदेश भारत का हृदय स्थल है, इसलिए इस आयोजन में भारत की विभिन्न संस्कृतियों के दर्शन भी होंगे। पाँच दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में परिसर को पूरी तरह इको-फ्रेंडली बनाया गया है, जिससे पर्यावरण को कोई नुकसान न हो। इस आयोजन की समस्त व्यवस्थाएँ विद्या भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी संगठन मंत्री गोविंद महंत, निखिलेश महेश्वरी, मोहनलाल गुप्त और शिरोमणि दुबे के मार्गदर्शन में की जा रही हैं। इस भव्य आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं और समाज में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।