ज़रा हटके
07-Mar-2025
...


सैन फ्रांसिस्को (ईएमएस)। क्या आपने कभी सोचा है कि चाय बनाने वाली चायदानी की कीमत करोड़ों में हो सकती है? दुनिया की सबसे महंगी चायदानी द इगोइस्ट इसकी जीती-जागती मिसाल है, जिसकी कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये है। इस अनमोल चायदानी को इतनी बारीकी से डिजाइन किया गया है कि यह न सिर्फ एक बर्तन बल्कि कला का एक बेशकीमती नमूना बन गई है। यह चायदानी सिर्फ चाय बनाने का साधन नहीं, बल्कि इतिहास, कला और विलासिता का संगम है। द इगोइस्ट को खास बनाने के लिए इसमें दुनिया की दो सबसे कीमती धातुएं सोना और चांदी का इस्तेमाल किया गया है। इसका हैंडल हाथी दांत से निर्मित है, जो इसे और भी दुर्लभ बना देता है। यही नहीं, इस शानदार चायदानी में 1658 चमचमाते हीरे जड़े गए हैं, जो इसे असाधारण रूप से आकर्षक बनाते हैं। इसके अलावा, चायदानी के ढक्कन पर 386 दुर्लभ माणिक जड़े गए हैं, जिन्हें थाईलैंड और बर्मा से विशेष रूप से मंगवाया गया था। इन बेशकीमती रत्नों की सजावट इसे न सिर्फ एक चायदानी बल्कि एक अनमोल धरोहर बना देती है। इस ऐतिहासिक चायदानी को प्रसिद्ध इतालवी जौहरी फुल्वियो स्काविया ने डिजाइन किया था। इस कारीगरी की बेमिसाल कला को देखते हुए द इगोइस्ट को साल 2016 में दुनिया की सबसे महंगी चायदानी का दर्जा दिया गया था, और तब से अब तक यह रिकॉर्ड इसके नाम कायम है। वर्तमान में इस अद्भुत चायदानी का स्वामित्व यू.के. के एन सेथिया फाउंडेशन के पास है, जो इसे संभालकर रखे हुए हैं। चाय प्रेमियों के लिए चायदानी सिर्फ एक साधारण बर्तन हो सकती है, लेकिन द इगोइस्ट एक अनोखी विरासत है, जो लक्जरी और समृद्धि का प्रतीक बन चुकी है। इस चायदानी की कीमत सुनकर आम आदमी भले ही हैरान रह जाए, लेकिन यह उन लोगों के लिए बनाई गई है, जो शाही अंदाज में अपनी चाय पीना पसंद करते हैं। सुदामा/ईएमएस 07 मार्च 2025