मुंबई (ईएमएस)। बहुप्रतीक्षित फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी की निर्माताओं ने जानकारी दी कि यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 12 सितंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन और जान्हवी कपूर की यह पहले फिल्म 18 अप्रैल, 2025 को आने वाली थी, लेकिन निर्माण में देरी के चलते इसकी रिलीज को आगे बढ़ाया गया है। फिल्म का निर्देशन हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया, बद्रीनाथ की दुल्हनिया और धड़क जैसी हिट फिल्मों के निर्देशक शशांक खेतान कर रहे हैं। फिल्म में वरुण और जान्हवी के साथ सान्या मल्होत्रा, रोहित सराफ, अक्षय ओबेरॉय, मनीष पॉल और मानिनी चड्ढा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्माण करण जौहर, हीरू यश जौहर, अपूर्व मेहता और शशांक खेतान ने किया है। यह दूसरी बार है जब वरुण धवन और जान्हवी कपूर की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी। इससे पहले दोनों बवाल में साथ काम कर चुके हैं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा था। इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म के एक अहम कलाकार अक्षय ओबेरॉय ने सेट के माहौल को लेकर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने इसे ‘फन जॉइंट फैमिली एक्सपीरियंस’ बताया और कहा कि फिल्म की शूटिंग राजस्थान के जयपुर और जोधपुर की खूबसूरत लोकेशन्स पर हो रही है। अक्षय ने कहा, यह सेट नहीं बल्कि एक बड़े, मजेदार संयुक्त परिवार की तरह लगता है। इसका सारा श्रेय निर्देशक शशांक खेतान को जाता है। हम साथ में खाना खाते हैं, बातें करते हैं और साथ में वर्कआउट भी करते हैं। यहां की एनर्जी बेहद सकारात्मक और सहयोगात्मक है, जिससे काम करना और भी मजेदार हो जाता है। वरुण धवन ने हाल ही में फिल्म के सह-कलाकार मनीष पॉल के साथ वैनिटी वैन में बिताए मजेदार पलों की झलक सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसे उनके फैंस ने खूब पसंद किया। सुदामा/ईएमएस 21 मार्च 2025