क्षेत्रीय
23-Apr-2025
...


भोपाल(ईएमएस)। जीटी एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही एक वृद्व महिला को अज्ञात बदमाश ने पानी में नशीला पदार्थ मिला कर पिला दिया। थोड़ी देर बाद ही महिला को गहरी नींद आ गई, मौका पाकर बदमाश करीब 7 लाख से अधिक के सोने के जेवरात चोरी कर चंपत हो गया। घटना करीब चार महीने पहले की बताई गई है। केस डायरी आने के बाद भोपाल जीआरपी ने असल कायमी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चंद्रपुर की रहने वाली मिना वशिंगट (73) करीब चार महीने पहले दिसंबर 2024 में जीटी एक्सप्रेस के एसी कोच ए-2 में नई दिल्ली से चंद्रपुर का सफर करने के लिये सवार हुई थी। ट्रेन करीब चार बजे नई दिल्ली से रवाना हुई, शाम करीब सात बजे एक अज्ञात युवक कोच में आकर उनकी सीट के पास बैठ गया। आरोपी ने उनसे मेलजोल बढाया और महिला को पीने के लिये पानी दिया। पानी पीने के बाद महिला वॉशरूम के लिए चली गई। वापस आते ही सीट पर बैठने के बाद उन्हें नींद आने लगी। इसके बाद वह गहरी नींद में सो गई और उन्हें कुछ भी याद नहीं रहा। अगले दिन तड़के करीब चार बजे नींद खुली तो भोपाल स्टेशन आने वाला था। जब उन्होंने अपने शरीर पर पहले जेवरात चैक किये तो पता चला की गले में पहनी 5 तोला वजनी सोने की पैंडल वाली चैन, हाथ में पहले सोने के तीन तोला वजनी कंगन, चार तोला वजनी सोने की अंगूठियो सहित बैग में रखी हजारो की नकदी गायब है। चोरी गये माल की कीमत सात लाख से अधिक बताई गई है। महिला ने इसकी जानकारी किसी तरह अपने परिवार वालो को दी, जिसके बाद नागपुर स्टेशन पर रेलवे के डॉक्टर ने महिला का चेकअप किया। उसके बाद महिला उसी ट्रेन में चंद्रपुर स्टेशन पहुंची, जहां परिजनों ने ट्रेन से उतारने के बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत ठीक होने पर महिला ने 3 दिसंबर 2024 को इसकी शिकायत वर्धा जीआरपी से की जहां जीरो पर कायमी की गई थी। घटनास्थल को लेकर दोनो राज्यो की पुलिस के बीच पत्राचार चला, आखिरकार केस डायरी भोपाल आने के बाद जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ असल कायमी करते हुए जॉच शुरु कर दी जहै। जुनेद / 23 अप्रेल