राज्य
24-Apr-2025
...


रायपुर(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए रायपुर के व्यवसायी दिनेश मिरानिया को अंतिम विदाई देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपना मुंबई दौरा बीच में छोड़कर आज सुबह रायपुर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत दिनेश मिरानिया के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और पुष्पमाला अर्पित कर अंतिम सम्मान प्रदान किया। मुख्यमंत्री साय ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने एक होनहार बेटे को खो दिया है। यह क्षति अपूरणीय है। सरकार इस दुख की घड़ी में पूरे परिवार के साथ खड़ी है। सीएम साय ने यह भी कहा कि स्व. दिनेश मिरानिया की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए किसी चौक या सड़क का नाम उनके नाम पर रखने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा यह कायराना हरकत देश की आत्मा पर हमला है। धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में लौट रही शांति और पर्यटन विकास को बाधित करने की यह साजिश है। पूरा देश एकजुट होकर इसका माकूल जवाब देगा। पाकिस्तान को इस दुस्साहस का अंजाम भुगतना होगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधायक किरण देव, विधायक राजेश मूणत, और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय 23 अप्रैल को मुंबई में निवेशकों से छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति और अवसरों को लेकर चर्चा के लिए रवाना हुए थे। 24 अप्रैल को भी कई बैठकें निर्धारित थीं, लेकिन दुखद घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत रायपुर लौटने का निर्णय लिया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 अप्रैल 2025