- जूतों में छिपा रखा था 1.15 करोड़ रुपये मूल्य का सोना मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने 46 वर्षीय एक व्यक्ति को सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह कार्रवाई दुबई से आए एक व्यक्ति के पास 1.15 करोड़ रुपये मूल्य का सोना पाए जाने के बाद की। अधिकारी इस बात से हैरान हैं कि गिरफ्तार व्यक्ति ने सोना कैसे छिपाया। सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी सोमवार को दुबई से मुंबई हवाई अड्डे पर उतरा था। जैसे ही वह हवाई अड्डे पर ग्रीन चैनल पार कर रहा था, अलार्म बजने लगा। तभी अधिकारियों को संदेह हुआ। उन्होंने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी। तस्करी का संदेह होने पर अधिकारियों ने उसकी तलाशी की। उसके पास से 1212 ग्राम वजन की 12 सोने की छड़ें जब्त की गईं जिनकी कीमत 1.15 करोड़ रुपये है। आश्चर्य की बात यह है कि यात्री द्वारा अपने पहने हुए जूतों में सोना छिपा रखा था। अधिकारियों ने उसके पास से सोना जब्त कर लिया है और भारत में गुप्त रूप से तस्करी करने के आरोप में सीमा शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत उसे जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उधर आरोपी ने सोने की तस्करी की बात भी कबूल कर ली है। मंगलवार को सीमा शुल्क अधिकारियों ने आरोपी का बयान दर्ज किया, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने सीमा शुल्क अधिकारियों की नजरों से बचने और शुल्क का भुगतान करने से बचने के लिए सोने की तस्करी करने की कोशिश की थी। संजय/संतोष झा- ०१ मई/२०२५/ईएमएस