नई दिल्ली (ईएमएस)। मुंबई इंडियंस स्पिनर विग्नेश पुथुर चोटिल होने के कारण आईपीएल के बचे हुए सत्र से बाहर हो गये हैं। पुथुर का बाहर होना मुम्बई के लिए करारा झटका है क्योंकि उन्होंने इस सत्र में शानदार गेंदबाजी की है। पुथुर ने इस सत्र में कुछ मैच ही खेले पर उन मैचों में उनका प्रभावी प्रदर्शन रहा। मुंबई इंडियंस ने इस स्पिनर की जगह पर विकल्प के तौर पर रघु शर्मा को शामिल किया है। मुंबई इंडियंस ने कहा है कि पंजाब के लेग स्पिनर रघु को 30 लाख रुपये के आधार मूल्य पर पुथुर की जगह शामिल किया गया है। पुथुर दोनों पिंडलियों में हड्डी के स्ट्रैस फ्रैक्चर के कारण इस सत्र से बाहर हुए हैं। वहीं रघु शर्मा जो अब तक सहयोगी गेंदबाजों में शामिल थे उन्हें अब मुख्य टीम में शामिल किया गया है। रघु ने पंजाब और पांडिचेरी की ओर से 11 प्रथम श्रेणी, 9 लिस्ट ए और 3 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर में अब तक पांच 5 विकेट और तीन 10 विकेट लिए हैं। रघु ने साल 2024-25 विजय हजारे ट्रॉफी में पंजाब की ओर से अच्छा प्रदर्शन किया था, इसमें उन्होंने 9 मैचों में 14 विकेट लिए थे। वहीं विग्नेश ने मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल के इस सत्र में कुल 5 मैचों में 6 विकेट लिए है। उन्होंने पहले ही मैच में तीन विकेट लिए थे। अब वह मुंबई इंडियंस मेडिकल और एसएंडसी टीम के साथ अपनी रिकवरी और रिहैब पर ध्यान देंगे। गिरजा/ईएमएस 01 मई 2025