गर्मी, हवा के बीच बिगड़े मौसम के मिजाज जबलपुर, (ईएमएस)। पश्चिमी विक्षोप की वजह से गर्मी के मौसम में बारिश और हवा के गठजोड़ से मौसम के मिजाज बदल गये हैं। दिनभर मौसम खुला रहा| तेज धूप रही पारा भी 40 डिग्री के पास रहा, लेकिन शाम 5.30 बजे के बाद अचानक बादल छाए और बारिश होने लगी| लगभग 5 मिनिट तेज बारिश के बाद मौसम खुलते ही उमस ने हमला कर दिया| मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2-3 दिनों तक मौसम के मिजाज ऐसे ही रहेंगे। पश्चिमी विक्षोप की वजह से छत्तीसगढ़ के ऊपर हवा के कम दवाब का क्षेत्र बन गया है और हवा में नमी बन गई है रविवार को भी दोपहर व रात में आंधी पानी की स्थिति बनी रही और दोपहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के कई स्थानों पर गरज चमक के साथ पानी की बौछारें पड़ने की संभावना हैं। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों में हुई बारिश के बाद पश्चिमी-विक्षोभ ने मध्यप्रदेश को अपने घेरे में ले लिया है। खासकर पूर्वी मध्यप्रदेश में वायुमण्डल पर हवा के कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम कार्यालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 40.02 डिग्री सेल्सियस सामान्य दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 25.06 डिग्री सेल्सियस सामान्य दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 53 प्रतिशत और सायंकाल 29 प्रतिशत आंकी गई। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम तापमान 23.06 दर्ज किया गया था। प्रदेश में सबसे अधिक 43.4 डिग्री तापमान खरगौन में दर्ज किया गया। सू्र्योदय 5.36 पर और सूर्य अस्त 6.38 पर हुआ| दक्षिणी पूर्वी हवाएं 6 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ पानी की बौछारें पड़ सकतीं हैं। सुनील साहू / मोनिका / 01 मई 2025/ 06.10