नायडू सबसे अमीर, ममता सबसे गरीब सीएम नई दिल्ली (ईएमएस)। चुनाव सुधार पर काम कर रहे एनजीओ एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने महिला सांसद और विधायकों को लेकर रिपोर्ट दी है। इसमें सामने आया है कि देश की कुल 512 महिला सांसदों और विधायकों में से 28 प्रतिशत यानी 143 पर क्रिमिनल केस दर्ज है। इसमें से 78 (15 प्रतिशत) पर हत्या, किडनैपिंग जैसे गंभीर आरोप हैं। वहीं, 17 महिला नेताओं ने अपने चुनावी हलफनामों में अरबपति (100 करोड़ या उससे अधिक संपत्ति) होने का दावा किया है। इसमें लोकसभा की 6, राज्यसभा की 3 और विधानसभा की 8 महिलाएं हैं। 512 महिला सांसदों-विधायकों की कुल घोषित संपत्ति 10,417 करोड़ रुपए है। औसतन हर एक के पास 20.34 करोड़ रुपए की संपत्ति है। रिपोर्ट के मुताबिक,71 प्रतिशत महिला नेता ग्रेजुएट या उससे ज्यादा पढ़ी हैं। 24 प्रतिशत ने 5वीं से 12वीं तक की पढ़ाई और 12 महिलाओं ने डिप्लोमा किया है। वहीं, महिला सांसदों-विधायकों में 64 प्रतिशत की उम्र 41 से 60 साल के बीच, 22 प्रतिशत की 25 से 40 साल के बीच और 14 प्रतिशत की 61 से 80 साल के बीच है। जहां इस सूची में भाजपा की 217 महिला सांसद-विधायक में से 23 प्रतिशत पर केस, 11 प्रतिशत पर गंभीर मामले दर्ज है। कांग्रेस की 83 में से 34 प्रतिशत पर आपराधिक केस, 20 प्रतिशत पर गंभीर आरोप के केस दर्ज है। वही टीडीपी की 20 में 65 प्रतिशत महिला विधायकों पर केस, 45 प्रतिशत पर गंभीर मामलों में केस। वहीं आम आदमी पार्टी की 13 में 69 प्रतिशत पर आपराधिक केस, 31 प्रतिशत पर गंभीर आरोप में केस दर्ज है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 45 प्रतिशत विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। एडीआर ने देश के 28 राज्यों और विधानसभा वाले तीन केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 4123 विधायकों में से 4092 के चुनावी हलफनामे का विश्लेषण किया। आंध्र प्रदेश के सबसे ज्यादा 174 में से 138 (79प्रतिशत) विधायकों ने, जबकि सिक्किम में सबसे कम 32 में से सिर्फ एक विधायक (3 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के सबसे ज्यादा 134 विधायकों में से 115 (86 प्रतिशत) पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2024 को जारी रिपोर्ट से साफ होता हैं कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। उनके पास 931 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी 15 लाख रुपए की संपत्ति के साथ सबसे गरीब हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 2023-2024 में जहां भारत की प्रति व्यक्ति नेट नेशनल इनकम (एनएनआई) करीब 1 लाख 85 हजार 854 रुपए रही, वहीं एक मुख्यमंत्री की औसत आय 13 लाख 64 हजार 310 रुपए थी। यह भारत की औसत प्रति व्यक्ति आय से करीब 7.3 गुना ज्यादा है। 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 52.59 करोड़ रुपए, जबकि कुल संपत्ति 1,630 करोड़ रुपए है। आशीष दुबे / 01 मई 2025