राज्य
02-May-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि राहुल गांधी की सालों की मेहनत आखिरकार कामयाब हुई और केंद्र सरकार को जातिगत जनगणना कराने का फैसला लेना पड़ा। देवेंद्र यादव ने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उनके मुताबिक, ये जनगणना सिर्फ जातियों की गिनती नहीं होगी, बल्कि इससे हर जाति की आर्थिक और सामाजिक हालत का भी पता चलेगा। इससे हर वर्ग को सरकार और प्रशासन में उसकी आबादी के हिसाब से हिस्सेदारी मिलेगी। देवेंद्र यादव ने कहा कि राहुल गांधी लंबे वक्त से कहते आए हैं कि जातिगत जनगणना देश का एक्स-रे होगी। उनकी इस मांग की वजह से ही आज ये दिन देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के इस प्रयास के लिए उनका शुक्रिया अदा करते हैं। यादव ने बताया कि दिल्ली कांग्रेस जल्द ही तालकटोरा स्टेडियम में एक बड़ा स्वागत समारोह करेगी, जिसमें राहुल गांधी और खरगे को सम्मानित किया जाएगा। हालांकि, देश के मौजूदा हालात को देखते हुए अभी जश्न को थोड़ा सीमित रखा जाएगा।देवेंद्र यादव ने कहा कि ये जनगणना हर वर्ग की सही तस्वीर सामने लाएगी। इससे पता चलेगा कि कौन सा वर्ग कितना आगे या पीछे है। इसके बाद सरकार को हर वर्ग को उसकी आबादी के हिसाब से हिस्सेदारी देनी होगी। उन्होंने राहुल गांधी के उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि तेलंगाना में कांग्रेस सरकार ने जातिगत जनगणना का मॉडल पेश किया है। वहां 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को तोड़ा गया, जिससे केंद्र सरकार को भी सीख मिल सकती है। यादव ने केंद्र से मांग की कि जल्द से जल्द जनगणना की तारीख तय की जाए, वरना ये सिर्फ घोषणा बनकर न रह जाए। यादव ने बताया कि दिल्ली कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को इस मुहिम में जोड़ा जाएगा। वो घर-घर जाकर लोगों को बताएंगे कि जातिगत जनगणना क्यों जरूरी है और इससे क्या फायदा होगा। हर जिले और ब्लॉक में महीने की बैठकें होंगी, जिसमें इस पर चर्चा होगी। कार्यकर्ता हर बूथ तक पहुंचकर लोगों को समझाएंगे कि इससे समाज का ढांचा कैसे बेहतर होगा और हर वर्ग को उसका हक कैसे मिलेगा। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/02/ मई /2025