नई दिल्ली (ईएमएस)। अप्रैल में भीषण गर्मी से जूझने के बाद दिल्ली वासियों को मई की शुरुआत में खासी राहत मिली है। यह बात अलग है कि रिकॉर्ड वर्षा से जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। इतना ही नहीं तेज आंधी के चलते दिल्ली में एक मकान पर पेड़ गिर गया, जिससे तीन बच्चों और उनकी मां की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी एक सप्ताह तक गर्मी के तेवर हल्के ही रहेंगे। कमोबेश रोज बादल छाए रहने, हल्की वर्षा होने व तापमान भी कम ही रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार आधी रात के बाद से सुबह साढ़े आठ बजे तक दिल्ली में 77.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, सर्वाधिक वर्षा सुबह पांच से छह बजे के बीच हुई है। इसी दौरान 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी आंधी भी चली। मई के महीने में एक दिन की 17 सालों (2009 से 2025) में यह दूसरी सर्वाधिक वर्षा है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/02/ मई /2025