04-May-2025


रांची(ईएमएस)।रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा कि वक्फ की संपत्ति पर सिर्फ गिने-चुने और धर्म की राजनीति करने वाले लोगों का ही अधिकार नहीं है। वक्फ सुधार कानून से यह सुनिश्चित होगा कि वक्फ की संपत्तियों पर गरीब मुसलमान को भी अधिकार मिले। वह रविवार को महानगर और ग्रामीण भाजपा की ओर से वक्फ सुधार पर जागरुकता के लिए आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। महानगर कार्यालय में इसका आयोजन किया गया। विधायक सीपी सिंह ने कहा कि कांग्रेस मुसलमानों को दिग्भ्रमित कर रही है और प्रोपगेंडा के तहत नए-नए भ्रम मुस्लिम समाज में फैलाने का प्रयास कर रही है।कार्यक्रम के संयोजक कमाल खान ने कहा कि आजादी के समय से ही कांग्रेस ने मुसलमान को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। कभी उनकी भलाई की नहीं सोची। भाजपा सरकार ने जब भी मुस्लिम समाज की भलाई के लिए कदम आगे बढ़ाया, कांग्रेस ने भ्रमजाल फैलाकर मुस्लिम समुदाय को तोड़ने का प्रयास किया। मुसलमानों को यह समझना पड़ेगा कि हमेशा ही प्रधानमंत्री मोदी मुसलमान के हितों की चिंता कर रहे हैं और अब हम मुसलमान भी प्रधानमंत्री के साथ हैं। रांची महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य वक्फ में किए गए संशोधन से गरीब मुसलमानों को क्या लाभ मिलेगा, इसे बताना है। यह भी बताना पड़ेगा कि किस प्रकार आज तक कांग्रेस ने मुस्लिम वर्ग की अनदेखी करते हुए सिर्फ वोट बैंक की तरह उनका प्रयोग किया है। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मो अनवर हयात, मो सोना खान, मो काजिम कुरैशी, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, जीतू चरण राम, राम कुमार पाहन, बलराम सिंह, जीतेंद्र वर्मा, राजू सिंह, अनीता वर्मा, विनय सिंह एवं अन्य मौजूद थे। कर्मवीर सिंह/04मई/25