04-May-2025
...


* जिले में उतार सकते हैं उड़नखटोला * पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में कोरबा (ईएमएस) छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत 5 मई सोमवार को कोरबा जिले का दौरा कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री श्री साय पहली बार कोरबा जिले के कटघोरा ब्लॉक के ग्राम रजकम्मा का दौरा करेंगे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम दोपहर 12 बजे होगा। हालांकि भाजपा के पदाधिकारियों को कार्यक्रम की जानकारी है, लेकिन प्रशासन को अभी तक दौरे की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और स्थानीय निवासियों से बातचीत करेंगे। प्रशासनिक सूत्रों ने अपुस्ट जानकारी देते हुए बताया है कि कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चर्चा यह भी है कि मुख्यमंत्री का उड़न खटोला ग्राम बोइदा में भी उतर सकता है। मुख्यमंत्री के दौरे से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने और स्थानीय समस्याओं के समाधान की उम्मीद है। यह दौरा जिले के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम होने की संभावना है और लोग मुख्यमंत्री के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 04 मई / मित्तल