राज्य
07-May-2025
...


रायपुर(ईएमएस)। पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में जोरदार एयरस्ट्राइक कर दुनिया को दिखा दिया कि नया भारत चुप नहीं बैठता। देर रात चलाए गए इस जवाबी हमले को ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया, जिसमें आतंक के 9 ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया गया। भारत के इस निर्णायक कदम के बाद देशभर में गर्व और जोश की लहर दौड़ गई है। छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक नेताओं और आम जनता ने सेना की वीरता को सलाम किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हर हर महादेव और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ सेना के पराक्रम को नमन किया। वहीं गृहमंत्री विजय शर्मा ने वीडियो संदेश में कहा, चुन-चुन कर बदला लिया जाएगा। यह नया भारत है, जो न आतंक को बख्शता है और न आतंकियों के आका को। मंत्री राम विचार नेताम ने भावुक होकर कहा जिन बहनों का सिंदूर उजड़ा, जिन घरों में चूल्हे बुझ गए, आज उनका बदला लिया गया है। सेना ने आतंक के अड्डों को तबाह कर दिलों को ठंडक दी है। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा भारत अब आतंकियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देता है। ऑपरेशन सिंदूर, हर एक बहन के सिंदूर की रक्षा का प्रण है। यह युद्ध तब तक जारी रहेगा, जब तक आतंकवाद का खात्मा नहीं हो जाता। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भी एकजुटता दिखाते हुए सेना की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने X पर लिखा पूरा देश वीर जवानों के साथ है। ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित किया कि भारत चुप नहीं रहेगा। जय हिंद!रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा भारत जानता है बदला लेना। जिन बच्चों के सिर से पिता का साया छीन गया, उनके दर्द का आज बदला लिया गया है। भारत माता की जय! पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राष्ट्रीय एकता की बात करते हुए कहा भारत ने अडिग और निर्णायक रुख अपनाया है। कांग्रेस हर कड़े कदम में सरकार और सेना के साथ खड़ी है। अमरजीत भगत ने कहा यह भारत है – यदि कोई इसकी अस्मिता को ललकारेगा, तो उसका जवाब ऐसा ही मिलेगा। बलूचिस्तान और अन्य क्षेत्रों को भी भारत में शामिल करने का समय आ गया है। छत्तीसगढ़ में जहां एक ओर देश के दुश्मनों से लड़ाई जारी है, वहीं राज्य नक्सलवाद के खिलाफ भी आर-पार की जंग लड़ रहा है। पूरा प्रदेश आज भारतीय सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल दुश्मन को करारा जवाब दिया है, बल्कि हर भारतीय के दिल में गर्व और आत्मबल भर दिया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 मई 2025