मुंबई (ईएमएस)। तमिल सुपरस्टार और तमिलागा वेट्री कझगम पार्टी के नेता थलापति विजय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनके बॉडीगार्ड की हरकत ने सबको चौंका दिया है। इस घटना ने फैंस और आम लोगों के बीच यह बहस भी छेड़ दी है कि सितारों की सुरक्षा के नाम पर आम लोगों के साथ ऐसा बर्ताव कितना जायज है। खबरों के अनुसार यह वीडियो मदुरै एयरपोर्ट का है, जहां विजय के पहुंचते ही भारी भीड़ जमा हो गई। हजारों फैंस अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। इसी बीच एक बुजुर्ग फैन विजय से मिलने के लिए तेजी से उनकी ओर बढ़ा, जिसे देखकर उनके सुरक्षा कर्मी घबरा गए। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही थलापति विजय अपनी कार से नीचे उतरते हैं, एक बुजुर्ग फैन दौड़ते हुए उनकी तरफ आता है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एक बॉडीगार्ड अचानक अपनी बंदूक निकालकर उस फैन पर तान देता है। हालांकि, कुछ सेकंड बाद स्थिति को समझते हुए वह बंदूक नीचे कर लेता है। इसके बाद कई बॉडीगार्ड मिलकर बुजुर्ग को घेरते हैं और उसे भीड़ से अलग कर सुरक्षित पीछे ले जाते हैं। इस पूरी घटना के दौरान थलापति विजय चुपचाप बिना कोई प्रतिक्रिया दिए एयरपोर्ट टर्मिनल की ओर बढ़ जाते हैं। उन्होंने ना तो फैन की ओर देखा, ना ही बॉडीगार्ड की इस हरकत पर कोई प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इंडस्ट्री ट्रैकर मनोबाला विजयबालन ने भी इस घटना का वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है, जिस पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग विजय के व्यवहार को लेकर उन्हें संवेदनहीन बता रहे हैं, तो वहीं कई लोग इस बात से राहत महसूस कर रहे हैं कि बुजुर्ग फैन सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इस घटना ने फैंस और आम लोगों के बीच यह बहस भी छेड़ दी है कि सितारों की सुरक्षा के नाम पर आम लोगों के साथ ऐसा बर्ताव कितना जायज है। मामला फिलहाल चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग थलापति विजय से इस पर स्पष्टीकरण की उम्मीद कर रहे हैं। डेविड/ईएमएस 08 मई 2025