लेख
10-May-2025
...


पहलगाम में जिस तरह से आतंकवादियों ने धर्म पूछकर पर्यटकों का नरसंहार किया था...भारत में धार्मिक आधार पर विघटन करने की जो नापाक कोशिश की थी...भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत उसका बदला ले लिया है। भारत ने सीमा पार से किए जा रहे आतंकी हमले का पुरजोर जवाब दिया है। भारतीय सीमा में रहते हुए भारतीय सेना ने अभूतपूर्व रणनीति बनाकर भारत की तीनों सेनाओं ने मिलकर साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट किया। बड़ी संख्या में आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया। पाकिस्तान के नागरिकों को कोई नुकसान ना हो इसका ध्यान रखा। भारत सरकार और भारतीय सेना ने आतंकवादी ठिकानों और आतंकवादियों को नष्ट करने के लिए सैन्य कार्यवाही की। भारत ने अपनी सीमा में रहते हुए पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमले किए। भारत सरकार और भारतीय सेना ने उन देशों को एक संदेश दिया है, जो आतंकवादियों को पनाह दे रहे थे। चार दिन के अंदर भारत ने आतंकवादी देश पाकिस्तान और उसके आतंकवादियों को ऐसा सबक सिखाया है, जो लंबे समय तक वह याद रखेंगे। पहलगाम की घटना के बाद जिस तरह से भारत के सभी धर्म के लोगों एवं सभी राजनीतिक दलों ने एक जुटता का प्रदर्शन किया। यह भारत की अभूतपूर्व शक्ति थी। विभिन्न धर्मो, विभिन्न संप्रदायों, विभिन्न जातियों में बंटे हुए नागरिकों ने जिस एकजुटता का परिचय दिया है, उससे सारी दुनिया आश्चर्यचकित है। भारत ने महावीर, बुद्ध और महात्मा गांधी की भूमि होने का गौरव को सारी दुनिया के देशों को बता दिया है। भारत विस्तार में भरोसा नहीं करता है। भारतीय नागरिक शांति और सद्भाव के साथ रहना चाहते हैं। सारे विश्व वसुधैव कुटुंबकम के तहत अपना परिवार मानते हैं। भारत में पाकिस्तान को भी इसी दृष्टि से देखा है। भारत चाहता तो पाकिस्तान के खिलाफ तीन दिन और युद्ध करता, तो पाकिस्तान को कई हिस्सों में विभाजित कर देता। भारत ने सत्यमेव जयते का पालन करते हुए सत्य की लड़ाई लड़ी है। जैसे ही पाकिस्तान ने अपनी गलती मानी, भारत ने युद्ध विराम करके सारी दुनिया को यह संदेश दिया है कि भारत लाभ के लिए हिंसा को प्रोत्साहित नहीं करता है। रूस और यूक्रेन के बीच कई महीनों से युद्ध चल रहा है। हजारों लोगों की मौत हो चुकी है। इसराइल और फिलीस्तीन के बीच लंबे समय से युद्ध हो रहा है। जिसमें हजारों लोगों की मौत हो गई है। लाखों लोग घायल हैं। जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। दुनिया के कई देशों के बीच लंबे समय से एक-दूसरे के ऊपर हमले किए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में भारत ने सारी दुनिया को एक नई दृष्टि दी है। जियो और जीने दो के प्रति अपनी आस्था और निष्ठा को भारत ने प्रदर्शित किया है।