गुना (ईएमएस)| पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) नदी जोड़ो परियोजना को लेकर भारतीय जनता पार्टी गुना नगर मंडल की ओर से जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत नगर मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह राजपूत के नेतृत्व में कार्यकर्ता वार्ड-वार्ड जाकर घर-घर लोगों को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लाभ की जानकारी दे रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को वार्ड क्रमांक 9 में कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क कर योजना से संबंधित जानकारी दी और टेंप्लेट वितरित किए। नगर मंडल मीडिया प्रभारी मुकेश ओझा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक इस योजना के दूरगामी लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि नगर मंडल के सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस कार्य में जुटे हुए हैं। वार्ड क्रमांक 9 में घर-घर जाकर लोगों को बताया गया कि यह परियोजना आने वाले समय में उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी। क्या है पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना? पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) नदी जोड़ो परियोजना एक महत्वाकांक्षी जल संसाधन योजना है, जिसका उद्देश्य मध्यप्रदेश और राजस्थान के जल संकट वाले क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाना है। यह परियोजना पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना के साथ समन्वय में क्रियान्वित की जा रही है। इस परियोजना के अंतर्गत दो राज्यों—मध्यप्रदेश और राजस्थान के 13 जिलों को लाभ मिलने की संभावना है। नगर मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह योजना धरातल पर उतर रही है और जल्द ही इसका प्रत्यक्ष लाभ जनता को मिलने लगेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस जनहितकारी योजना की जानकारी हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए तत्पर हैं। - सीताराम नाटानी (ईएमएस)