19-May-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में पारिवारिक विवाद के चलते दो परिवारों में हुई हिंसक झड़प के बाद तीन लोगों की मौत होने की चौंकाने वाली घटना घटी है। बताया गया है कि दहिसर के गणपत पाटिल नगर में रहने वाले दो परिवारों के बीच हिंसक झगड़ा हुआ। दरअसल दो परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने एक-दूसरे पर चाकू और कोयते से एक दूसरे के ऊपर हमला कर दिया। यह भयानक घटना एक पुराने विवाद से उत्पन्न हुई। खबर के मुताबिक, यह भयावह घटना मुंबई के दहिसर पश्चिम एमएचबी थाने के गणपत पाटिल नगर इलाके में रविवार शाम करीब 4.30 बजे हुई। मृतकों की पहचान हामिद शेख (49), रमनलाल गुप्ता (50) और अरविंद गुप्ता (23) के रूप में हुई है। पुराने विवाद के चलते दो परिवार आपस में भिड़ गए और हिंसक झड़प शुरू हो गई। इसमें दोनों पक्षों के लोगों ने वहां एक दुकान से चाकू और कोयता ख़रीदा और फिर, दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर हमला किया। परिणामस्वरूप, तीन लोगों की जान चली गई तथा चार अन्य घायल हो गए। इस संबंध में एमएचबी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, एमएचबी थाना क्षेत्र के गणपत नगर झुग्गी बस्ती क्षेत्र में रहने वाले दो परिवारों शेख और गुप्ता ने 2022 में एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे अमित शेख शराब के नशे में राम नवल गुप्ता की नारियल की दुकान के सामने पहुंचा और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। इस बीच दोनों के बच्चे अमर गुप्ता, अरविंद गुप्ता और अमित गुप्ता तथा हामिद के बेटों अरमान हामिद शेख और हसन हामिद शेख को बुलाया गया। जैसे ही सभी लोग वहां पहुंचे उनके बीच बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि यह मारपीट में बदल गई और लोगों पर धारदार हथियारों से वार किया गया। हमले में राम नवल गुप्ता और अरविंद गुप्ता की मौत हो गई। अमर गुप्ता और अमित गुप्ता घायल हो गए। हामिद शेख की भी मौत हो गया है। उनके बेटे अरमान शेख और हसन शेख घायल हुए हैं। दोनों परिवारों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। चूँकि हमलावरों का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है इसलिए पुलिस ने उन्हें अभी गिरफ्तार नहीं किया है। संजय/संतोष झा- १९ मई/२०२५/ईएमएस