मुम्बई (ईएमएस)। मुम्बई इंडियंस ने आगामी प्लेऑफ मुकाबलों को देखते हुए इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो, रिचर्ड ग्लीसन और श्रीलंका के चरित असलंका को विल जैक्स, रयान रिकलटन और कॉर्बिन बॉश के स्थान पर अस्थायी तौर पर शामिल किया है। मुम्बई इंडियंस ने बेयरस्टो को 5.25 करोड़ रुपए, तेज गेंदबाज ग्लीसन को एक करोड़ और असलंका को 75 लाख रुपए में खरीदा है। मुंबई इंडियंस अगर प्लेऑफ में पहुंचती है तो ये खिलाड़ी जैक्स, रिकलटन और कॉर्बिन की जगह खेलेंगे। जैक्स, रिकलटन और कॉर्बिन लीग सत्र के बाद स्वदेश लौट जाएंगे। जैक्स 26 मई को मुम्बई इंडियंस का अंतिम लीग मैच खेलने के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड की एकदिवसीय सीरीज में शामिल होने के कारण स्वदेश लौट जाएंगे। वहीं रिकलटन और बॉश भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप को देखते हुए दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय टीम से खेलेंगे। बेयरस्टो ने आईपीएल के पांच सत्र में 50 मैच खेले हैं। उन्होंने साल 2019-20 में सनराइजर्स हैदराबाद और 2022 और 2024 में पंजाब किंग्स के लिए खेला है। बेयरस्टो ने 34.54 की औसत और 144.45 की स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाए हैं। गिरजा/ईएमएस 20 मई 2025