राज्य
21-May-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच ने चार साल से फरार चल रहे खतरनाक लुटेरे को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मोहम्मद अली उर्फ सूजा साल 2015 में दर्ज एक डकैती और शख्स के साथ कुकर्म के मामले में दोषी करार दिया गया था। कोर्ट ने उसे 6 साल की कठोर कैद की सजा सुनाई थी। लेकिन कोविड 19 महामारी के दौरान 2021 में उसे 90 दिनों की इमरजेंसी पैरोल पर जेल से रिहा किया गया था, लेकिन पेरोल का समय खत्म होने के बाद वह जानबूझकर फरार हो गया और तभी से दिल्ली पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। यह पूरा मामला 30 नवंबर 2015 का है जब एक व्यक्ति आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेन से उतरा और कड़कड़डुमा मेट्रो स्टेशन की ओर एक कच्चे रास्ते से जा रहा था। तभी रास्ते में तीन लोगों ने उसका मोबाइल छीन लिया जब पीड़ित ने उनका पीछा किया तो दो ने उसे पकड़ लिया और तीसरे ने उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद उन्होंने पीड़ित की पिटाई की और ब्लेड का डर दिखाकर उसे डराया। हालांकि शोर मचाने पर दो आरोपियों को भीड़ ने मौके पर ही पकड़ लिया, लेकिन तीसरे आरोपी को बाद में गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस की टीम जो इस पूरे मामले की जांच कर रही थी, उन्हें आरोपी के लोकेशन की अहम जानकारी मिली। जिसमें जांच में पता चला कि वह फर्जी नाम से पुणे के नौलखा उम्ब्रे में एक फैक्ट्री में काम कर रहा है। दिल्ली पुलिस ने करीब 5 हजार कर्मचारी वाली इस फैक्ट्री में घंटों सघन तलाशी की जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले चार सालों से लगातार अपनी पहचान मोबाइल नंबर और अपना पता बदलता रहा था। बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र में लगातार जगह बदलकर वह पुलिस से बचता रहा। दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी दिल्ली के आनंद विहार और अन्य थानों में तीन डकैती के मामलों में शामिल पाया गया। आरोपी बिहार का रहने वाला है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/21/ मई /2025