23-May-2025


इन्दौर (ईएमएस) जयपुर अतरौली घराने की विख्यात गायिका शुभदा मराठे की स्मृति में कला मार्तंड फाउंडेशन के बैनर तले तृतीय आयोजन आज 24 मई को शाम 6 बजे से आयोजित किया जा रहा है। कला मार्तंड की ट्रस्टी मानसी तराणेकर ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य शुभदा मराठे के कार्यों को गुणीजनों तक पहुंचाना और इस समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाना है। शुभदा मराठे जयपुर घराने की गायकी, गजल गायकी और आध्यात्मिक क्षेत्र में संत चरित्र के अध्ययन और अंग्रेजी भाषा अध्यापन जैसे भिन्न-भिन्न विषयों पर आधिकारिक पकड़ रखने वाली प्रकांड विदुषी रही हैं। आयोजन में पुणे की ख्यात शास्त्रीय गायिका शिल्पा पुणतांबेकर शिरकत करेंगी। शिल्पा भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के पुरोधा पंडित भास्कर बुआ बखले की पड़पोती हैं और शास्त्रीय के अलावा नाट्य संगीत और अन्य विधाओं में भी महारत रखती हैं। ट्रस्ट के ईश और रवि मराठे ने आयोजन में संगीतप्रेमियों से शिरकत करने का आह्वान किया है। आनन्द पुरोहित/ 23 मई 2025