गुना (ईएमएस)। जेपी यूनिवर्सिटी गुना में कंप्यूटर साइंस विभाग का छात्र टेबल टेनिस खेलकर हॉस्टल लौटा। हॉस्टल लौटते ही छात्र बेहोश होकर गिरा। वहां से उसे गेल अस्पताल ले जा रहे थे। वहां से जिला अस्पताल गुना के लिए रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने साइलेंट अटैक से मौत होने की आशंका जताई है। शोभित जैन बीना का रहने वाला था। उसकी उम्र 20 वर्ष की थी। उसे कोई बीमारी नहीं थी। कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा था। 27 मई को उसकी बहन की शादी थी। शनिवार को वह छुट्टी लेकर बीना जाने वाला था। इसके पहले ही उसकी असमायिक मौत हो गई। पिछले कुछ वर्षों से बहुत कम उम्र के युवा साइलेंट अटैक का शिकार होकर देखते ही देखते प्राण त्याग रहे हैं। कोरोना महामारी के बाद इस तरह की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। अच्छा भला स्वस्थ युवा देखते ही देखते गिरा और दम तोड़ दिया। एसजे / 24 मई 25