नवी मुंबई, (ईएमएस)। नवी मुंबई महानगरपालिका ने नेरुल में विश्वशांति सहकारी गृह निर्माण सोसायटी को खतरनाक इमारत घोषित किया है। इमारत के स्लैब पूरी तरह से जर्जर हो चुके थे, वहीं एक स्लैब गिर गया। इस घटना में एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार नेरुल के सेक्टर 8 में विश्वशांति सोसायटी में बिल्डिंग ए 7, फ्लैट नंबर 27 में प्राजक्ता पाटिल के घर में छत के स्लैब का एक बड़ा हिस्सा गिर गया। इसमें 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला घायल हो गई। घर के हॉल का स्लैब अचानक गिर गया, जिससे घर का पंखा झुक गया। इमारत को अत्यधिक खतरनाक घोषित किए जाने के बावजूद कई निवासी वहां रह रहे हैं। विश्वशांति सहकारी गृह निर्माण सोसायटी की इमारत का एक बार फिर से निर्माण होना था। इस संबंध में बिल्डर ने इमारत के नागरिकों को किराए पर देना भी शुरू कर दिया था। हालांकि, सोसायटी के नागरिकों का आरोप है कि इमारत की नई समिति ने उनसे संबंधित किराया बंद करने को कहा। इस इमारत को बने 38-40 साल हो चुके हैं। इस इमारत का स्लैब गिरना आम बात हो गई है। नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा विश्वशांति सोसायटी को बेहद खतरनाक इमारत में शामिल करने के बावजूद लोग अभी भी यहां रह रहे हैं। यहां सोसायटी कमेटी में विवाद चल रहा है। इमारत में बनी नई कमेटी लोगों को बता रही है कि महानगरपालिका द्वारा किया गया संबंधित स्ट्रक्चर ऑडिट फर्जी है। इसके कारण खतरनाक इमारत में रहने वाले 210 परिवारों की जान खतरे में है। इमारत में रहने वालों को भी घर खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में महावितरण द्वारा दी जाने वाली बिजली , मनपा द्वारा की जाने वाली पानी की आपूर्ति और अन्य सेवाओं को निलंबित करने को कहा गया है, ऐसी जानकारी परिमंडल एक के उपायुक्त सोमनाथ पोटरे ने दी है। संजय/संतोष झा- ०१ जून/२०२५/ईएमएस