लेख
11-Jun-2025
...


इजराइल सर्वशक्ति संपन्न होते हुए भी हमास का खत्मा नहीं कर पाया। पिछले कई महीनो से इजराइल और गाजा के बीच में युद्ध चल रहा है। इजराइल ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। हजारों लोग मारे जा चुके हैं। महिलाएं और बच्चे भी इस युद्ध में बड़ी संख्या में मारे गए हैं। गाजा में भुखमरी फैली हुई है। घायलों को अस्पताल में इलाज नहीं मिल रहा है। डॉक्टर नहीं हैं, दवाइयां नहीं है। छोटे-छोटे बच्चे आहार नहीं मिलने के कारण हजारों की संख्या में मारे गए हैं। इसके बाद भी इजराइल, हमास के योद्धाओं को खत्म नहीं कर पाया। पिछले 20 वर्षों से हमास का कब्जा गाजा पर है। इजराइल ने साम दाम दंड-भेद हर तरह के प्रयास कर लिए हैं। इसके बाद भी हमास का खत्मा नहीं हो पाया। इजराइल ने अब एक नई रणनीति तैयार की है। जिसके अनुसार हमास के बागियों को ही हमास को नष्ट करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पॉपुलर फोर्सेज के लीडर यासर अबू शवाब हैं। यह संगठन खुद को आतंकवाद मिटाने वाला संगठन बताता है। कई मानवाधिकार संगठन इसे लुटेरे और अपराधियों का संगठन मानते हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने गाजा में हमास को जड़-मूल से समाप्त करने की जिम्मेदारी अब पॉपुलर फोर्स को दे दी है। इसे हमास संगठन के बारे में सभी जानकारी है। सभी ठिकाने और उनकी ताकत के बारे में जानकारी होने के कारण इजराइल की सरकार ने अब कांटा से कांटा निकालने की रणनीति अपनाई है। अबू शबाब का संगठन अभी छोटे-छोटे अपराधों में लिप्त था। इजराइल सरकार का समर्थन मिलने के बाद एकाएक इसकी ताकत बहुत बढ़ गई है। यह संगठन अभी दक्षिणी गाजा में सक्रिय है। इस संगठन के लोग फिलीस्तीनी झंडे और काउंटर टेररिज्म यूनिट की वर्दी पहनकर अपने आप को आतंकवाद को खत्म करने वाला संगठन बताते हैं। अनादि काल से फूट डालो और राज करो की नीति चली आ रही है। इस नीति के माध्यम से सत्ता पर कब्जा तो कर लिया जाता है, लेकिन सत्ता ज्यादा दिनों तक चलती नहीं है। इजराइल इतने लंबे समय के बाद भी जब हमास को नियंत्रित नहीं कर पाया। ऐसी स्थिति में अब उसने हमास के बागियों को हमास के खिलाफ उतार दिया है। इन्हें इजरायल की सेना द्वारा भारी मात्रा में हथियार और धन दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इजरायल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बैट ने जो कार्य योजना तैयार की है, उसको प्रधानमंत्री नेतन्याहू की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस कार्य योजना में हमास को पूरी तरह से खत्म करने के लिए नए उग्रवादी संगठन को पूरी ताकत के साथ खड़ा किया जा रहा है। हमास के लिए यह विभीषण साबित होंगे। सारी गोपनीय जानकारी यह इजराइल की सरकार को देंगे। संयुक्त रूप से हमास के खिलाफ अपनी लड़ाई को तेज करेंगे। इजराइल को लगता है, इस रणनीति के तहत इजराइल गाजा की लड़ाई को जल्द समाप्त कर देगा। इस समय सारी दुनिया में इजराइल-गाजा तथा रूस और यूक्रेन के बीच में जो युद्ध चल रहा है, वह काफी विनाशकारी साबित हुए हैं। ऐसी स्थिति में सारी दुनिया की चिंता इन दोनों युद्ध को समाप्त कराने की है। इसमें अंतरराष्ट्रीय संगठनों द्वारा अभी तक जो प्रयास किए हैं, उसमें कोई भी प्रयास सफल नहीं हुए हैं। गाजा में जिस तरह के हालात हैं, वह पूरी मानवता को शर्मसार करने वाले है। इजराइल, रूस और यूक्रेन के सामने आज सारी दुनिया के देश बेबस नजर आ रहे हैं। जो नेता सत्ता के सिंहासन में बैठे हुए हैं, वह इतने अहंकारी हो गए हैं। संवेदनशीलता जैसी कोई स्थिति उनमें देखने को नहीं मिल रही है। मानवता पूरी दुनिया में शर्मसार हो रही है। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग हाथ पर हाथ रख कर बैठा हुआ है। रेड क्रॉस जैसी संस्थाएं कहां चली गईं, इसका भी पता नहीं लग पा रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ और सुरक्षा परिषद का जैसे कोई अस्तित्व ही नहीं रह गया है। निश्चित रूप से हमास इस समय सबसे कमजोर है। फिर भी वह अपनी लड़ाई लड़ रहा है। हमास के बागी कितना नुकसान पहुंचा पाएंगे यह भविष्य की गर्त में होगा। इतना तय है, हमास का अस्तित्व खत्म नहीं होगा। हां कुछ समय के लिए इजराइल को जरूर अपनी पीठ थपथपाने का मौका मिल जाएगा। जब सत्ता पर बैठे हुए लोग आतंकवाद को फैलाते हैं, तब मानव सभ्यता और मानव समाज को काफी नुकसान उठाना पड़ता है। इसकी भरपाई आसानी से नहीं हो पाती है। हिंसा को कभी हिंसा के जरिए खत्म नहीं किया जा सकता है। संयुक्त राष्ट्र संघ और मानव अधिकार आयोग जैसे संगठनों की वर्तमान स्थिति में जिम्मेदारी बढ़ जाती है। धर्म गुरुओं को भी इस मामले में आगे आना चाहिए। कोई भी धर्म इस तरह की हिंसा का समर्थन नहीं करता है। विचारधारा और स्वतंत्रता को खत्म करना नामुमकिन है। एक दूसरे का सम्मान करके ही स्वतंत्रता और विचारधारा को पोषित किया जा सकता है। शांति के साथ जीवन जीने के लिए यह बात सभी को समझनी होगी। एसजे/ 11 जून /2025