राज्य
17-Jun-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। द्वारका और रोहिणी के बाद अब नरेला को भी डीडीए नई पहचान देने की तैयारियां कर चुका है। नरेला सब सिटी का नाम बदलकर विंध्याचल किए जाने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। डीडीए के अनुसार नरेला को नई छवि देने का मकसद यही है कि इसका नाम इसकी पहचान बने। लोग इसे डिवेलपमेंट और ग्रीन सिटी के तौर पर जानें। डीडीए के अधिकारी के अनुसार नरेला को भी सब सिटी की तरह तैयार किया जा रहा है। यह डीडीए की तीसरी सब सिटी है। विभिन्न कारणों की वजह से अभी तक इसे रोहिणी और द्वारका जैसी सफलता नहीं मिल सकी। यही वजह है कि अब इसे नई और अंतरराष्ट्रीय छवि के साथ पहचान दिलाने की कोशिश है। नरेला सब सिटी का नाम बदलने का प्रस्ताव है, लेकिन नरेला गांव का नाम नहीं बदलेगा। अधिकारी के अनुसार नरेला को इको फ्रेंडली सब सिटी के तौर पर विकसित किया जा रहा है, इसलिए इसका नाम पर्यावरण अनुकूल रखे जाने की जरूरत थी। विंध्याचल का अर्थ पश्चिमी विंध्य है और इसे मध्य भारत में पहाड़ों, पहाड़ियों और पठार क्षेत्र के तौर पर जाना जाता है। विंध्याचल क्षेत्र गुजरात से उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। इसलिए विंध्याचल नाम का चयन किया गया है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/17/जून/2025