21-Jun-2025
...


पहला पड़ाव मोरक्को और अंतिम जॉर्डन की यात्रा नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले माह जुलाई की शुरुआत में अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और पश्चिम एशिया के पांच देशों का दौरा करने की योजना में हैं। यात्रा के दौरान पीएम मोदी मोरक्को, अर्जेंटीना, ब्राजील, त्रिनिदाद और टोबैगो, और जॉर्डन की यात्रा पर जाने वाले है। यह दौरा ग्लोबल साउथ में भारत की नेतृत्वकारी भूमिका को मजबूत करने और पहलगाम हमले के बाद व्यापक आतंकवाद विरोधी गठबंधन को आकार देने के उद्देश्य से हो रहा है। ‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर आर्थिक रूप से कम विकसित देशों के संदर्भ में होता है। इस बहुप्रतीक्षित यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का मोरक्को जाना करीब तय है। मोरक्को के राजा मोहम्मद 6 से मुलाकात के लिए राबात में बैठक होगी। यह यात्रा बीते कुछ वर्षों से चर्चा में थी, लेकिन कार्यक्रमों के मेल न बैठने के कारण अंतिम रूप नहीं दिया जा सका था। मोरक्को एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था वाला प्रमुख अरब राष्ट्र है, जिसकी पश्चिम अफ्रीका और दक्षिणी यूरोप में मजबूत पकड़ है। उत्तर अफ्रीका में यह एक अहम स्तंभ के रूप में उभरा है। मोरक्को के बाद, पीएम मोदी अर्जेंटीना की यात्रा करने वाले है। जो महत्वपूर्ण खनिज, खाद्य सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में भारत का महत्वपूर्ण साझेदार है। ब्यूनस आयर्स में होने वाली यात्रा से भारत और अर्जेंटीना के बीच कृषि, रक्षा और कनेक्टिविटी क्षेत्रों में संबंधों को विस्तार देने की संभावना है। यह दौरा ब्राजील में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले भारत की रणनीतिक स्थिति को और मजबूत करेगा। 6-7 जुलाई को ब्राजील के रियो डी जनेरियो में आयोजित हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी हिस्सा लेने वाले है। सम्मेलन में वे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और इथियोपिया जैसे देशों के नेताओं के साथ मुलाकात करने वाले है। इसके अलावा, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, वियतनाम और नाइजीरिया जैसे ब्रिक्स साझेदार देशों के नेताओं से भी उनकी मुलाकात हो सकती है। ब्राजील की अध्यक्षता में ब्रिक्स ने छह प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया है, जिसमें वैश्विक शासन सुधार, जलवायु परिवर्तन, जलवायु वित्तपोषण, वैश्विक स्वास्थ्य, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अर्थव्यवस्था व वित्त शामिल हैं। पीएम मोदी की यात्रा का अगला पड़ाव त्रिनिदाद और टोबैगो हो सकता है, जहां वे भारतीय समुदाय के साथ संवाद करने वाले है। यह देश कैरिबियाई क्षेत्र में भारत के लिए महत्वपूर्ण है, जहां भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। इस दौरे से भारत और त्रिनिदाद और टोबैगो के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी। यात्रा का अंतिम पड़ाव जॉर्डन होगा, जहां पीएम मोदी क्षेत्रीय सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करने वाले है। यह दौरा पश्चिम एशिया में भारत की रणनीतिक उपस्थिति को ओर बेहतर बनाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा तब हो रही है जब भारत वैश्विक मंचों पर दक्षिणी देशों की आवाज बनकर उभर रहा है। यह यात्रा भारत के वैश्विक दक्षिण नेतृत्व को और सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आशीष दुबे / 21 जून 2025