राष्ट्रीय
27-Jun-2025


-परिजनों ने लगाया दूसरे पक्ष पर हत्या का आरोप, हाईवे किया जाम बिलासपुर,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में जमीन विवाद में एक महिला की मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों ने चंडीगढ़ मनाली फोरलेन को जाम कर दिया। हालांकि पुलिस के समझाने पर लोगों ने जाम खत्म कर दिया। पुलिस हत्या के मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक बिलासपुर की ग्राम मल्यावर के टिहरा गाँव में दो पक्षों में जमीन विवाद चल रहा था और इस विवाद में 67 साल की महिला रोशनी देवी पत्नी रत्न लाल की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गुरुवार को एक पक्ष ने विवादित भूमि पर जेसीबी से खुदाई शुरू कर दी तो रोशनी देवी मौके पर पहुंची। इस बीच खुदाई के दौरान अचानक एक पेड़ गिरा तो महिला मशीन और पेड़ के बीच फंस गईं और उसकी मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया कि रोशनी को जानबूझकर मारा गया और पहले जेसीबी की बकेट से गिराया गया था। घटना के बाद परिवार महिला को सिविल अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर गांव में तनाव बढ़ गया और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को उठाने से इनकार कर दिया। वहीं, बाद में गुस्साए लोगों ने चंडीगढ़ मनाली फोरलेन जाम कर दिया। विवाद बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। तब जाकर जाम खत्म हुआ। डीएसपी ने पुष्टि की है कि यह घटना जमीनी विवाद के चलते हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। महिला के रिश्तेदार ने कहा कि हमारी पंचायत में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं और उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। महिला के पोते ने आरोप लगाया कि उसके सामने उसकी दादी को मारकर आरोपी फरार हो गए। सिराज/ईएमएस 27जून25