राष्ट्रीय
27-Jun-2025


-हत्या की कोशिश, रंगदारी, अवैध हथियार और गैंगस्टर के 53 मामले दर्ज लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में समाजवादी पार्टी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गुलशन यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25,000 रुपए का इनाम रखा है। यह इनाम खुद पुलिस अधीक्षक ने घोषित किया है। जानकारी के मुताबिक गुलशन यादव पर हत्या की कोशिश, लूट, रंगदारी, अवैध हथियार और गैंगस्टर जैसे कुल 53 मामले दर्ज हैं। ये मामले प्रतापगढ़ और प्रयागराज के कई थानों में दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक गुलशन यादव पिछले एक साल से फरार चल रहे हैं। साल 2024 में मानिकपुर थाने में उन पर एक नया मामला दर्ज किया गया, जिसमें पुलिस द्वारा कुर्क किए गए आम बेचने का आरोप है। गुलशन की अवैध संपत्ति पर भी प्रशासन ने शिकंजा कसा है। जिलाधिकारी के आदेश पर अब तक 7 करोड़ 15 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। 2.5 करोड़ की प्रॉपर्टी प्रतापगढ़ और लखनऊ में, 1 करोड़ 10 लाख की ज़मीन, जो उनकी पत्नी सीमा यादव के नाम पर लखनऊ के शारदा नगर में थी, गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर ली गई है। गुलशन यादव का नाम 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चा में आया था। जब उन्होंने कुंडा से राजा भैया के खिलाफ समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि वह हार गए थे। खास बात यह है कि एक समय गुलशन यादव, राजा भैया के करीबी माने जाते थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच राजनीतिक जंग शुरू हो गई। पुलिस अब गुलशन यादव के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उनका पहला आपराधिक मामला 1998 में दर्ज हुआ था। लग्जरी गाड़ियां, जमीन और बैंक खातों पर भी कुर्की की प्रक्रिया चल रही है। सिराज/ईएमएस 27जून25