भोपाल(ईएमएस)। देहात क्षेत्र के मिसरोद इलाके में पति की मौत के बाद उसके दोस्त ने विधवा महिला को शादी का झांसा देकर करीब दस साल तक दुष्कर्म किया और बाद में शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद मामला थाने जा पहुंचा जहॉ शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नटराज कॉलोनी में रहने वाली 39 वर्षीय पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया की उसके पति का कई साल पहले देहांत हो चुका है, और वह अपने दो बच्चों के साथ रहती है। इस दौरान एमपी ऑननलाइन की दुकान चलाने वाला पति का दोस्त अनिल निसाद का उसके घर आना जाना होने लगा। पति का दोस्त होने के चलते वह हालचाल पूछने के लिये अक्सर घर आने-जाने लगा। इस बीच उसने पीड़िता का विश्वास हासिल करते हुए उससे शादी करने का झांसा दिया। पति की मौत के बाद पीड़िता विधवा को भी परिवार के लिये सहारे की तलाश थी, जिसके चलते उसने अपनी सहमति दे दी। इसके बाद अनिल जल्द ही शादी करने का झांसा देकर साल 2016 से उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। करीब दस साल तक हवस का शिकार बनाने के बाद आरोपी ने उसके साथ शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता ने उसे मनाने का काफी प्रयास किया लेकिन तब वह शादी न करने की बात पर अड़ा रहा तब परेशान होकर पीड़िता थाने पहुंची और मामला दर्ज करा दिया। प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आरोपी अनिल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी है। जुनेद / 1 जुलाई