राष्ट्रीय
04-Jul-2025


-पंजाब में संजीव अरोड़ा को मंत्री बनाने पर कांग्रेस ने कसा तंज लुधियाना,(ईएमएस)। पंजाब के लुधियाना में हलका पश्चमी से उपचुनाव जीते संजीव अरोड़ा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। उन्हें उद्योग और एनआरआई विभाग दिया गया है। संजीव अरोड़ा पर कांग्रेस लगातार निशाना साध रही है। इस बार कांग्रेस के सीनियर नेताओं की अरोड़ा को मंत्री बनाए जाने पर अलग-अलग बयान सामने आए हैं। संजीव अरोड़ा को विभाग मिलने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि लुधियाना के लिए बहुत देर हो चुकी है। अगर गुरप्रीत गोगी के निधन के कारण उपचुनाव की जरुरत नहीं होती तो लुधियाना जैसे शहर जो पंजाब की औद्योगिक राजधानी है, उसको कोई मंत्री पद नहीं मिल पाता। उम्मीद है कि संजीव अरोड़ा लुधियाना के लोगों और विशेष रूप से व्यापारी समुदाय के बीच उनकी पार्टी द्वारा जगाई उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। वहीं जालंधर से विधायक प्रगट सिंह ने सीएम भगवंत मान से सवाल पूछा कि अगर वाकई भ्रष्टाचार को खत्म करना चाहते हैं, तो पंजाब विधानसभा में हितों के टकराव पर कानून लाया जाना चाहिए। जब ​​मंत्रियों को ऐसे विभाग दिए जाते हैं, जिनसे उनके निजी कारोबार जुड़े होते हैं तो हम उन्हें सार्वजनिक हितों पर निजी हितों को प्राथमिकता देने से कैसे रोक सकते हैं? एक तरफ भगवंत मान सरकार पूर्व मंत्री के खिलाफ हितों के टकराव की जांच कर रही है, लेकिन वहीं नए मंत्री के विभाग और उनके कारोबार के बीच हितों के टकराव पर चुप है! क्यों? बता दें कांग्रेस सरकार के दौरान भी इसी तरह का कानून लाने की पहल हुई थी, लेकिन उसे रोक दिया गया। आज पंजाब के लिए यह कानून लाना समय की सख्त जरूरत है। बता दें मंत्री संजीव अरोड़ा खुद भी उद्योगपति है जिस कारण उन्हें सरकार ने उद्योग का विभाग सौंपा है ताकि कारोबारियों में सरकार की अच्छी पकड़ बनी रही। सिराज/ईएमएस 04जुलाई25