राष्ट्रीय
04-Jul-2025


-गहलोत बोले- देश में लोकतंत्र हो रहा है कमजोर, सब एजेंसियां दबाव में जयपुर,(ईएमएस)। देश में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है। सरकार ने सब एजेंसियों को दबाव में ले लिया है। जो आज सत्ता में हैं, प्रधानमंत्री हों या इनके नेता हों। उन्हें सोचना चाहिए कि सत्ता पक्ष तभी होता है, जब विपक्ष होता है। विपक्ष की बात नहीं मानोगे नहीं सुनोगे तो देश भी तकलीफ पाएगा। आप भी तकलीफ पाओगे। राजस्थान पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने चुनाव आयोग और देश की जांच एजेंसियों पर दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए यह सवाल उठाए। उन्होंने बिहार में निष्पक्ष चुनाव होने पर भी शव जताया। गहलोत ने कहा कि चुनाव आयोग ने बिहार में एक नया शिगूफा छोड़ा है, मैं खुद पटना जा कर आया हूं। इसका वहां बहुत भारी रिएक्शन है। मेरे ड्राइवर कह रहे थे साहब कि आप बताइए मेरे से मां बाप से डेट ऑफ बर्थ सर्टिफिकेट मांग रहे हैं। मैं कहां से लेकर आऊंगा? इनकी प्रोसेस से लाखों लोग वंचित रह सकते हैं। ये स्थिति बन गई है। कैसे डेमोक्रेसी रहेगी। बिहार में चुनाव निष्पक्ष कैसे होंगे बता दीजिए। चुनाव आयोग किसके कहने से यह सब लेकर आया है। गहलोत ने कहा कि आप सोच सकते हो कि देश कहा जा रहा है, सब दबाव में काम कर रहे हैं। इनकम टैक्स, ईडी, सीबीआई ये तीनों संस्थाएं दबाव में हैं। इससे विपक्षी पार्टियों के नेताओं के साथ अन्याय हो रहा है। वो जगजाहिर है। उन्होंने कहा कि संसद में जवाब आया है। 193 केसेज इन्होंने किए हैं। केवल दो प्रूव कर पाए हैं। मतलब एक फीसदी। कितना तंग किया होगा लोगों को। उनके परिवार वालों पर क्या बीती होगी? जिस मुल्क में ये स्थिति हो, दबाव में ज्युडिशियरी, इलेक्शन कमीशन और ब्यूरोक्रेसी हो। वे कैसे डेमोक्रेसी की बात करते हैं? डेमोक्रेसी कमजोर होती जा रही है। ये हित में नहीं है। सोचने वाली बात है। गहलोत ने कहा कि हमने भी कई ऐसी बातें कहीं होंगी। उससे हो सकता है ईसीआई प्रमुख को या मेंबर को अच्छा नहीं लगा होगा। तब भी उनका व्यवहार बड़ा शालीनता से होता था। यह उनकी ड्यूटी है कि कोई नागरिक है, देश का मतदाता कोई भी है, किसी दल का नेता है। उसको धैर्य से सुनें और निष्पक्ष फैसला करें। उन्होंने कहा कि इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया किसे कहते हैं, जिसके ऊपर पूरा चुनाव निर्भर होता है। बहुत बड़ी संस्था है। बहुत क्रेडिबल संस्था है। उसके बारे में जो सुन रहे हैं। जो व्यवहार किया गया है, वो बहुत ही अशोभनीय है। इसकी किन शब्दों में आलोचना करूं मेरी समझ नहीं आ रहा है। गहलोत ने कहा कि पहले भी राहुल गांधी ने महाराष्ट्र को लेकर कई सवाल उठाए थे। उसका भी ये लोग जवाब नहीं दे पाए। उनको आर्टिकल लिखना पड़ा, उसका कोई जवाब नहीं तो ये व्यवहार इलेक्शन कमीशन के पार्ट पर किसी भी ढंग से उचित नहीं कहा जा सकता। इसका रिएक्शन पूरे देश के अंदर है और बहुत भयंकर रिएक्शन है। पांच साल बनाम डेढ़ साल के सीएम भजनलाल के बयान पर गहलोत ने कहा कि ये तो बीजेपी वाले खुद ही हंस रहे होंगे। उनका पांच साल बनाम डेढ़ साल का जुमला है, उस पर मैं समझता हूं आरएसएस वाले और बीजेपी के इंटेलेक्चुअल लोग हैं, जो राजनीति को समझते हैं, वे सब मन में हंस रहे होंगे कि बोल क्या रहे हैं? मेरा यह मानना है, वे खुद हंस रहे होंगे मैं क्या कमेंट करूं? बड़ी हिम्मत की बात है कि पांच साल बनाम डेढ़ साल, वह भी भजनलाल सरकार के इससे बड़ी बात क्या हो सकती है? सिराज/ईएमएस 04जुलाई25