क्षेत्रीय
06-Jul-2025


- ट्रेन पर स्टंट करते समय घायल हुआ लड़का नवी मुंबई, (ईएमएस)। यूँ तो आमतौर पर हर रविवार को मुंबई में मध्य रेलवे और हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक रहता है। इसलिए रविवार को भी इन दोनों लाइनों पर लोकल ट्रेनें मेगा ब्लॉक की वजह से सुबह से ही देरी से चल रही थी। बताया गया है कि रविवार को पूरे दिन हुई बारिश की वजह से कुछ जगहों पर रेलवे लाइनों पर पानी भर गया। मानो यही काफी नहीं था, अब तो और भी कुछ हो गया। यानी तकनीकी खराबी की वजह से हार्बर लाइन पर यातायात ठप हो गया है। प्राप्त खबरों के मुताबिक हार्बर रेलवे लाइन पर नेरुल से पनवेल की ट्रेन सेवाएं बंद कर दी गई। दरअसल शाम 4.30 बजे नेरुल स्टेशन के पास रेलवे की एक मशीन गिर गई जिसकी वजह से हार्बर और ट्रांस लाइन पर यातायात बाधित रहा। हालांकि हार्बर लाइन पर सीएसएमटी से वाशी और पनवेल से बेलापुर की रेल सेवाएं चल रही थी। जबकि ट्रांस हार्बर लाइन पर ठाणे से वाशी और ठाणे से नेरल की सेवाएं चल रही थी। उधर नेरुल से पनवेल जाने वाली रेल सेवा बंद होने के कारण कुछ यात्री रेल की पटरियों पर यात्रा करने लगे। वहीं कुछ यात्रियों ने घर पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाया। जबकि कई यात्री रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेन के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। - ट्रेन पर स्टंट करते समय घायल हुआ लड़का इस बीच, शाम के समय नेरुल रेलवे स्टेशन के पास खड़ी ट्रेन पर स्टंट करते समय एक लड़का ओवरहेड तार से हाथ टकराने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पता चला है कि लड़का कोपरखैरणे का रहने वाला है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। संजय/संतोष झा- ०६ जुलाई/२०२५/ईएमएस