क्षेत्रीय
07-Jul-2025


अशोकनगर (ईएमएस)। जिले की प्राणपुर घाटी पर सोमवार को एक अनाज से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गया। ट्रैक्टर अशोकनगर से उत्तर प्रदेश के ललितपुर जा रहा था। घाटी में एक तेज मोड़ आने के कारण यह दुर्घटना हुई। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर घाटी के सुधार या वैकल्पिक रास्ते की मांग की है कि यह सडक़ मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोडऩे वाला एक अंतरराज्यीय मार्ग है। लेकिन घाटी की हालत बहुत खराब है। जिससे वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। यहां रोजाना छोटे-बड़े वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होता है। उन्होंने सडक़ को चौड़ा करने और मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि हादसों को रोका जा सके। पिछले एक महीने में इस घाटी में कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस रास्ते पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 07 जुलाई 2025