- निर्माणधीन मकान की छत से गिरे व्यक्ति की भी गई जान भोपाल(ईएमएस)। नजीराबाद इलाके में जहॉ बरसात से बचने के लिए छत के नीचे खड़े युवक पर र्इंट की दीवार गिर गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर गुनगा में एक निर्माणधीन मकान की छत से गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक कोलूखेड़ी में रहने वाला 28 वर्षीय ब्रजेश कलावत मेहनत-मजदूरी का काम करता था। बीती रात वह बारिश से बचने के लिए पड़ोसी के घर के नीचे खड़ा हो गया। उसी दौरान अचानक र्इंट की दीवार भरभराकर उस पर गिर गई। हादसे मे उसके सिर में गंभीर चोट आने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर गुनगा पुलिस ने बताया कि 28 वर्षीय तोरण सिंह कुशवाहा ग्राम धमर्रा में रहता था। बीती शाम करीब पांच बजे वह पड़ोसी की निर्माणधीन मकान की छत पर चला गया था। वहां कोई बाउंड्रीवाल नहीं थी, बताया गया है की वह शराब के नशे में था। इसी दौरान नशे की हालत में वो छत से नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। दोनो ही मामलो में पुलिस आगे की जॉच कर रही है। जुनेद / 8 जुलाई