राज्य
10-Jul-2025
...


:: हजारों भक्तों ने किया स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि का पाद पूजन :: इंदौर (ईएमएस)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अन्नपूर्णा आश्रम परिसर में भव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान आश्रम के न्यासी मंडल ने संस्थापक ब्रम्हलीन स्वामी प्रभानंद गिरि महाराज की समाधि पर पूजन और अभिषेक किया। समाधि को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया था। इस अवसर पर आश्रम के संचालक स्वामी जयेन्द्रानंद गिरि, स्वामी विवेकानंद गिरि सहित अन्य संतों ने समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। आचार्य पं. कल्याणदत्त शास्त्री के निर्देशन में विद्वान आचार्यों ने मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। आश्रम परिवार के श्याम सिंघल और अन्य सदस्यों ने महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज के सानिध्य में पुष्पांजलि समर्पित की। इसके बाद, आश्रम से जुड़े हजारों भक्तों ने महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज का पाद पूजन किया। मंदिर पर सुबह से देर शाम तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। अन्नपूर्णा लोक में भी बड़ी संख्या में आए भक्तों ने गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में मां अन्नपूर्णा, मां काली और मां सरस्वती के पूजन-दर्शन किए। शिव मंदिर में भी भक्तों ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। प्रकाश/10 जुलाई 2025 संलग्न चित्र – इंदौर। अन्नपूर्णा आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि का पाद पूजन करते श्रद्धालु।