राज्य
10-Jul-2025
...


:: विवेक महाराज ने कहा - नदियों, भूमि और पौधों को भी गुरु मानें इंदौर (ईएमएस)। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आज इंदौर के चिमनबाग स्थित स्काउट मैदान पर श्री गुरु सेवा संस्थान और श्री आनंद धाम भक्त मंडल द्वारा एक अनूठे पर्जन्य यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान गुरुदेव विवेक महाराज ने प्रकृति के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि, जब तक हम प्रकृति, परमात्मा और सनातन धर्म के नैतिक मूल्यों को स्वीकार कर आगे बढ़ेंगे, ये सब हमको दोगुना वापस लौटाएंगे। उन्होंने नदियों, भूमि और पौधों को भी गुरु के रूप में स्वीकार करने की महत्ता पर जोर दिया। इस पर्जन्य यज्ञ में लगभग डेढ़ हजार श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। संस्थान के मीडिया प्रभारी अंकुश झंवर और सिद्धांत बर्वे ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में सुबह प्रकृति संरक्षण हेतु पर्जन्य यज्ञ और भगवान शिवाशिव का संयुक्त होमम आयोजित किया गया, जबकि शाम को भजन संध्या हुई। विवेक गुरुजी ने कहा कि प्रकृति भी परमात्मा का ही अंश है और यह हमें जीवन संवारने की अनेक सुविधाएँ देती है। उन्होंने नदी, भूमि, पर्यावरण और वातावरण की शुद्धता में प्रकृति के योगदान को एक गुरु के समान महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे प्रकृति और परमात्मा के साथ सनातन मूल्यों को पूरी निष्ठा से स्वीकार करेंगे और एक पौधे की देखभाल भी पुत्र के समान करेंगे। उन्होंने आने वाले समय में नदियों को सुधारने के लिए नई योजनाएँ लागू करने की बात भी कही। कार्यक्रम का समापन गुरु दर्शन, दीक्षा और प्रसादी के साथ हुआ। प्रकाश/10 जुलाई 2025 संलग्न चित्र – इंदौर। चिमनबाग मैदान में पर्जन्य यज्ञ में गुरूदेव विवेक महाराज संबोधित करते हुए। दूसरे चित्र में पर्जन्य यज्ञ करते हुए साधक।