नई दिल्ली (ईएमएस)। मौसम विभाग ने 11-16 जुलाई के बीच कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वोत्तर में भारी वर्षा की संभावना है। दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों तक राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना है। देश के अलग-अलग राज्यों में बारिश का मौसम बना हुआ है। बारिश से एक ओर किसानों के चेहरे खिले हैं, लेकिन नदी तट के आसपास रहने वाले लोगों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं, क्योंकि जल स्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 11 से 16 जुलाई तक कई राज्यों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इस दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। देश की राजधानी दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 7 दिनों तक दिल्ली और उसके आसपास इलाकों में बारिश का मौसम बना रहेगा। पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 11 से 16 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 11 और 16 जुलाई को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी वर्षा तेज हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 से 13 जुलाई, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 और 12 जुलाई को बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में 11 से 16 जुलाई के बीच भारी बारिश का अनुमान है। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/11/ जुलाई /2025