रायपुर(ईएमएस)। राजधानी में बारिश के पहले ही दौर ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। जल भराव, सड़कें जर्जर हालत में और निचली बस्तियों में घुटनों तक पानी भरने की स्थिति को लेकर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने रायपुर शहर के चारों भाजपा विधायकों और नगर निगम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। सुशील शुक्ला ने कहा कि अभी तो सावन की शुरुआत हुई है और शहर की मुख्य कॉलोनियों एवं सड़कों पर ही बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नालियों की सफाई अधूरी है, सड़कों की हालत जर्जर है, और कई वार्डों में बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस चुका है। उन्होंने कहा कि आमजन बुरी तरह परेशान है, लेकिन शहर के विधायक मौन साधे बैठे हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक जनता की परेशानियों से पूरी तरह बेखबर हैं। शहर जलमग्न है, लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं और नगर निगम के पास बाढ़ से निपटने की कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने महापौर मीनल चौबे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने उन्हें रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाया था, लेकिन उन्होंने चुनावी वादों पर अमल नहीं किया। हरा-भरा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का वादा किया गया था, पर आज हालात यह हैं कि शहर के कई हिस्से जल भराव से बेहाल हैं और विकास कार्य ठप हैं। सुशील शुक्ला ने कहा कि महापौर नगर निगम की लापरवाही को रोकने में नाकाम साबित हो रही हैं। नालियों का निर्माण अधूरा है, सफाई कार्य समय पर नहीं हो रहा है, जिससे बस्तियों में पानी भर रहा है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस शासन काल में शुरू हुए अधूरे विकास कार्यों को तत्काल पूर्ण किया जाए, नालियों की सफाई सुनियोजित ढंग से हो और शहर को बाढ़ मुक्त, अपराध मुक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल की जाए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 जुलाई 2025