11-Jul-2025


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दो दिन पहले दिल्ली का गुप्त दौरा किया। जानकारी सामने आ रही है कि इस दौरे में उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस दौरे के दौरान एकनाथ शिंदे से आगामी स्थानीय निकाय चुनावों पर चर्चा की। इस बीच, राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने घोषणा की है कि उन्हें आयकर विभाग से नोटिस मिला है। साथ ही, शिरसाट ने स्पष्ट किया कि शिंदे गुट के सांसद डॉ.श्रीकांत एकनाथ शिंदे को भी इसी तरह का नोटिस मिला है। इस घटना के बाद, राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएँ शुरू हो गई। अब इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने एक सनसनीखेज दावा किया है। रोहित पवार ने कहा कि आयकर विभाग ने शिंदे परिवार के कुछ लोगों को नोटिस भेजा है। क्या उन्हें नोटिस भेजने के पीछे कोई आंतरिक कलह है? वे इसके लिए दिल्ली गए होंगे। क्या भाजपा ने अपनी सौदेबाजी की ताकत बढ़ाने के लिए ऐसा किया है? हालाँकि, नगर निगम चुनावों में समझौता कर लेंगे, आयकर नोटिस वापस ले लेंगे। उन्होंने दावा किया है कि भाजपा ऐसा करने की कोशिश करेगी। - एकनाथ शिंदे की ताकत कम करने की कोशिश रोहित पवार ने आगे कहा कि कई भाजपा नेताओं के पास ज़मीन और आयकर विभाग से जुड़े मामले भी हैं। उन्हें नोटिस नहीं मिलते। आयकर विभाग भाजपा के एक अन्य सहयोगी, अजित पवार की राष्ट्रवादी पार्टी के नेताओं को नोटिस नहीं भेजता। लेकिन, एकनाथ शिंदे को भेजता है। उन्होंने कहा कि हम सभी देख सकते हैं कि भाजपा मुंबई महानगरपालिका चुनावों में कहीं न कहीं एकनाथ शिंदे की ताकत कम करने की कोशिश कर रही है। बहरहाल अब रोहित पवार के बयान का जवाब देने के लिए भाजपा क्या जवाब देगी ? यह देखना महत्वपूर्ण होगा। संजय/संतोष झा- ११ जुलाई/२०२५/ईएमएस