क्षेत्रीय
11-Jul-2025


ग्वालियर ( ईएमएस ) | नगर निगम की होर्डिंग शाखा द्वारा शहर में लगे आउट डोर मीडिया डिवाइस (होर्डिंग) की निरंतर मॉनिटरिंग कर बकायेदारों के खिलाफ बडी कार्यवाही की जा रही है। जिसके तहत होर्डिंग संचालकों को 18 करोड़ 36 लाख रूपये से अधिक बकाया राशि के नोटिस जारी किए गए हैं। नोडल अधिकारी होर्डिंग अनिल चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार अपर आयुक्त विज्ञापन अनिल दुबे एवं विधि अधिकारी, परीक्षण अधिकारी अनूप लिटोरिया के निर्देशन में शहर में निजी संचालकों द्वारा स्थापित आउटडोर मीडिया डिवाइस की बकायेदारों की जानकारी कॉन्सल्टेंस्ट से मंगवाई गई। जिसमें कुल 385 आउटडोर मीडिया डिवाइस पंजीकृत है। जिसमें से 164 की समय सीमा पूर्ण हो चुकी है। इन पर 15 करोड 65 लाख 98 हजार 602 रुपये बकाया है। इसके साथ ही 221 आउटडोर मीडिया डिवाइस वर्तमान में एक्टिव पाये गए । जिन पर 2 करोड़ 70 लाख 75 हजार 123 रूपये की राशि बकाया है। अतः कुल 18 करोड 36 लाख 73 हजार 726 रूपये बकाया राशि के लगभग 200 से अधिक बकायेदारों को नोटिस संबंधित एजेंसी संचालकों को जारी किए गए है तथा उन्हें हिदायत दी गई है कि शीघ्र निगम कोष में बकाया राशि को जमा करें। अन्यथा उनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।