11-Jul-2025


हरसी डैम ओवरफ्लो, बाढ़ का खतरा भोपाल(ईएमएस)। मप्र में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को कटनी, उमरिया, सीधी और छतरपुर समेत कई जिलों में पानी गिरा। लगातार बारिश से नदी नाले उफान पर आ गए हैं। सतना के चित्रकूट में एक युवक मंदाकिनी नदी में बह गया। उसकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। खजुराहो में लगातार तेज बारिश के चलते झांसी-खजुराहो फोरलेन हाइवे पर करीब 3 फीट तक पानी भर गया है। उमरिया जिले में भी झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 20 जिलों में अति भारी बारिश और 12 जिलों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले बीते 24 घंटे के दौरान रीवा में सबसे ज्यादा 3.7 इंच पानी गिर गया। ग्वालियर में भी भारी बारिश दर्ज की गई। यहां ढाई इंच पानी गिरा। छतरपुर के खजुराहो में 1.9 इंच, जबलपुर में 1.6 इंच, मंडला में 1.4 इंच, टीकमगढ़ में 1.2 इंच और सतना में 1 इंच बारिश हुई। दतिया, उमरिया, दमोह, बालाघाट, रतलाम, सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, गुना, मऊगंज, सीहोर समेत कई जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहा। मंडला में अब तक 7 की मौत मंडला में अब तक बाढ़ के कारण 7 लोगों की मौत हो चुकी है। 2 लापता हैं। 300 मकान समेत कई सडक़ें और पुलियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। 312 लोगों को रेस्क्यू कर 7 राहत कैंप में रखा गया है। शिवपुरी और ग्वालियर की सीमा पर बना हरसी बांध लबालब भर गया। इससे पानी का ओवरफ्लो होना शुरू हो गया है। इससे दोनों जिलों के करीब 20 गांव में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है। मैहर में तेज बारिश से मकान की दीवार गिर गई। एक महिला घायल हो गई। उसे सिविल अस्पताल अमरपाटन में भर्ती कराया गया है। सतना में कार पर पेड़ आ गिरा। कार सवार सभी 5 लोग बाल-बाल बच गए लेकिन गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। करीब आधा घंटे तक ट्रैफिक भी अस्त-व्यस्त रहा। सीधी में 10 घंटे से हो रही बारिश की वजह से मकानों-दुकानों में पानी भर गया है। कहीं-कहीं बिजली भी गुल है। गुना में लल्लू बैरागी (6) और कबीर मीना (8) नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। रात करीब साढ़े 9 बजे मछली पकडऩे वाले जाल की मदद से शव नदी से बाहर निकाले गए। आकाशीय बिजली गिरने से बच्चे की मौत शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 13 साल के लडक़े की मौत हो गई। टांघर गांव का रहने वाला मनीष सिंह गोड़ खेत में काम कर रहा था। तभी हादसे का शिकार हो गया। कटनी में सुबह से बारिश, सडक़ें जलमग्न कटनी में शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश के चलते शहर की सडक़ों पर पानी भर गया है। जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। लखेरा से एसीसी फैक्ट्री तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है। साउथ रेलवे स्टेशन की अंडर ब्रिज में भी पानी भर गया है। अंडरब्रिज का पानी बस्तियों के घरों में घुस गया है। इधर, रंगनाथ नगर से साउथ रेलवे जाने का रास्ता भी बंद हो गया है। विनोद उपाध्याय / 11 जुलाई, 2025