क्षेत्रीय
13-Jul-2025


ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई से सटे ठाणे के कैडबरी चौक इलाके में एक डंपर ने दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोपहिया वाहन पर सवार एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से ठाणे पुलिस बल में हड़कंप मच गया है। राबोडी पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार डंपर चालक का नाम राजकुमार चौधरी है। जबकि मृतक पुलिसकर्मी का नाम सुरेश भालेराव है। वह ठाणे के वर्तकनगर के शिवाईनगर इलाके में रहते थे तथा ठाणे पुलिस बल में पुलिस नायक के पद पर कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति ठाणे पुलिस मुख्यालय में थी। सुरेश भालेराव कल सुबह 10.30 बजे काम के लिए निकले थे। वह दोपहिया वाहन से जा रहे थे, तभी ये हादसा हुआ और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस संबंध में राबोडी थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने डंपर चालक राजकुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। स्वेता/संतोष झा- १३ जुलाई/२०२५/ईएमएस