क्षेत्रीय
13-Jul-2025
...


रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में खराब सर्जरी किट की आपूर्ति के मामले पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ बैच की आपूर्ति में खामियां पाई गई हैं, जिनकी जांच की जा रही है। कई बैगों की गुणवत्ता परीक्षण के दौरान जंग लगे बैग भी सामने आए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि गड़बड़ी बड़े पैमाने पर पाई जाती है, तो सप्लाई करने वाली कंपनी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “प्रदेश में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा विधायक गुरु खुशवंत साहब की कार पर किए गए हमले को लेकर भी मंत्री जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह कोई नई घटना नहीं है। मामले की तह तक जाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी। एनएचएम स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल पर मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों से ज्ञापन प्राप्त हुआ है और जो मांगें व्यवहारिक और न्यायसंगत होंगी, उन्हें अवश्य पूरा किया जाएगा। स्वास्थ्य मिशन एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है जिसे गंभीरता से संचालित किया जा रहा है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि वह केवल मुद्दाविहीन राजनीति कर रही है। “70 वर्षों में कांग्रेस ने महिलाओं, किसानों और आम जनता के लिए क्या किया, यह सबने देखा है। भाजपा अपने संकल्प पत्र के अनुरूप युवाओं को न्याय दिलाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि भाजपा विधायक दल की बैठक आज शाम आयोजित की जाएगी जिसमें आगामी सत्र को लेकर रणनीति पर चर्चा होगी। यह बैठक हमारी परंपरा का हिस्सा है, सत्र से पहले जरूरी मुद्दों पर विचार किया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते 18 महीनों में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के कई कार्य हुए हैं। “गरीब, किसान और हर वर्ग के हित में सरकार काम कर रही है। विपक्ष के पास अब सरकार को घेरने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 जुलाई 2025