पटना, (ईएमएस)। बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बिहार पर्यटन विभाग और केंद्र सरकार मिलकर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए बिहार पर्यटन विभाग इस महीने कैबिनेट में हेलीकॉप्टर सेवा का प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। स्वीकृति मिलने पर सेवा जल्द ही शुरू हो सकती है। शुरुआत में दो 5-सीटर हेलीकॉप्टर उपलब्ध होंगे। जो पर्यटकों को प्रमुख स्थलों तक ले जाएंगे। हेलीपैड पर्यटन स्थलों के नजदीक बनाए जाएंगे, ताकि यात्रा और भी सुगम हो जाए। इस सेवा से पर्यटक एक दिन में दो पर्यटन स्थलों की सैर भी कर सकेंगे, जिससे समय की काफी बचत होगी। हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से देश और विदेश के पर्यटकों को बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर हवाई मार्ग से करने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से यह सेवा विदेशी पर्यटकों और समय की कमी वाले यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय होगी।बताया जा रहा है कि पहले चरण में यह सेवा पटना से गया, बोधगया, राजगीर और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के लिए शुरू होगी। इसके बाद इसे अन्य पर्यटन स्थलों जैसे नालंदा, वैशाली और सासाराम तक भी विस्तारित किया जा सकता है। हालांकि बिहार में पहले से ही गया जी और राजगीर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा संचालित हो रही है। जिसे 2023 में शुरू किया गया था। संतोष झा- १३ जुलाई/२०२५/ईएमएस