मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के नायगांव में एक 16 साल के लड़के की करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया है कि दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेलते समय शटलकॉक पहली मंजिल पर स्थित एक फ्लैट की खिड़की में फंस गया। शटलकॉक निकालने के लिए बाहर से खिड़की पर चढ़ते समय उसे जोरदार करंट का झटका लगा और वह बेहोश हो गया। उसके दोस्त उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने लड़के को मृत घोषित कर दिया। मृतक लड़के का नाम यश यादव है। मिली जानकारी के अनुसार यश अपने दोस्तों के साथ सोसाइटी में बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान उसका शटलकॉक पहली मंजिल पर स्थित घर की खिड़की में फंस गया। यश शटलकॉक निकालने के लिए खिड़की पर चढ़ा। इसी दौरान उसे करंट का झटका लगा और वह खिड़की में फंस गया। यश के एक दोस्त ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन करंट लगने से दोनों नीचे गिर गए। इसके बाद दूसरे बच्चे भी आए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एसी से आने वाला करंट इतना तेज कैसे हो गया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है। स्वेता/संतोष झा- १४ जुलाई/२०२५/ईएमएस