पुणे, (ईएमएस)। पुणे में एक युवक पर कोयते से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। कात्रज इलाके में हुई इस घटना से हड़कंप मचा है। मृतक युवक साईं सिद्धि चौक स्थित एक पान की दुकान पर पान खाने के लिए गया था। वहां किसी बात पर विवाद हो गया और एक व्यक्ति ने उसके सिर पर कोयते से वार कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मृतक युवक का नाम आर्यन सालवे है। आर्यन मूल रूप से नासिक का रहने वाला है। आर्यन सालवे धनकवड़ी के आंबेगाव पठार में अपने मामा के पास रहने आया था। वह साईं सिद्धि चौक पर एक पान की दुकान पर पान खाने गया था। उसी दौरान आर्यन का धैर्यशील मोरे से विवाद हो गया। दोनों के बीच बहस बढ़ गई और मोरे ने उस पर कोयते से जानलेवा हमला कर दिया। आर्यन ने कोयते के हमले को हाथ से रोकने की कोशिश की। लेकिन हमले में आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल आर्यन को लेकर अस्पताल गए लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई और धैर्यशील मोरे को गिरफ्तार कर लिया। आगे की जाँच पुलिस कर रही है। जतिन/संतोष झा- १४ जुलाई/२०२५/ईएमएस