क्षेत्रीय
16-Jul-2025
...


मुनिश्री योग सागरजी महाराज का ससंघ 12 मुनिराजों के साथ चातुर्मास में चार माह तक गुना रहेंगे गुना (ईएमएस)। धर्म, भक्ति और आस्था से ओतप्रोत वातावरण में मंगलवार को गुना शहर ऐतिहासिक क्षणों का साक्षी बना जब आचार्य श्री विद्यासागर जी एवं वर्तमान आचार्य प्रवर समय सागरजी महाराज के सगे गृहस्थ जीवन के सगे भाई निर्यापक मुनि श्री योग सागरजी महाराज का ससंघ 12 मुनिराजों के साथ गुना नगरी में चातुर्मास के लिए मंगल कलशों की स्थापना विधि-विधान, मंत्रोच्चारण और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। चातुर्मास के इस शुभारंभ अवसर पर भाजपा नेता विकास जैन नखराली सहित नगर के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संगठनों और दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने निर्यापक मुनि श्री योग सागरजी महाराज एवं ससंघ मुनिराजों के दर्शन कर उन्हें श्रीफल भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। भाजपा नेता विकास जैन ने कहा कि आचार्य श्री समय सागरजी महाराज के आशीर्वाद से गुना में इस वर्ष का चातुर्मास निर्यापक मुनिश्री योग सागरजी महाराज का ससंघ संपन्न होगा। उनके साथ मुनिश्री नीरोग सागरजी, निर्मोह सागरजी, निरामय सागरजी, निर्भीक सागरजी, ऐलकगण सुधार सागरजी, चैत्य सागरजी, अपार सागरजी, तन्मय सागरजी, आगत सागरजी, भास्वत सागरजी एवं स्वस्तिक सागरजी महाराज की सुसंघ उपस्थिति रहेगी। ये सभी 12 मुनिराज-ऐलक आगामी चार माह तक गुना नगर में निवास कर चातुर्मास धर्म साधना, प्रवचन, तप और उपदेशों के माध्यम से श्रद्धालुओं को लाभान्वित करेंगे। श्री जैन ने कहा कि गुना नगर के लिए यह चातुर्मास एक गौरवपूर्ण और पुण्य दायक अवसर माना जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन धर्ममय आयोजन, प्रवचन, ध्यान साधना एवं स्वाध्याय से समूचा नगर अध्यात्म की रोशनी में प्रकाशित होगा। (सीताराम नाटानी -ईएमएस)