राष्ट्रीय
01-Aug-2025
...


लखनऊ,(ईएमएस)। चुनाव आयोग ने सपा सांसद प्रिया सरोज से सगाई के बाद अंतरराष्ट्रीय भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह को मतदाता जागरूकता अभियान से हटाया है। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे रिंकू सिंह की फोटो और प्रचार सामग्री जैसे पोस्टर, वीडियो, वेबसाइट आदि से तुरंत हटा दें। दरअसल क्रिकेटर रिंकू सिंह को पहले यूथ आइकन के तौर पर मतदाता जागरूकता अभियान में शामिल किया गया था। लेकिन बीते महीने उनकी सपा सांसद प्रिया सरोज से सगाई के बाद उनका राजनीतिक जुड़ाव हो गया। इसके बाद आयोग ने यह कदम उठाया है, क्योंकि आयोग की नीति के अनुसार, कोई भी व्यक्ति जो किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ जाता है, उसे मतदाता जागरूकता अभियान से बाहर रखा जाता है। रिंकू ने जून महीने में लखनऊ के एक होटल में सपा सांसद प्रिया सरोज से सगाई की थी। इस भव्य समारोह में सपा के प्रमुख अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव और कई अन्य सपा नेता और दिग्गज शामिल हुए थे। इसके बाद से रिंकू और प्रिया सरोज को कई सार्वजनिक मौकों पर साथ देखा गया है। आयोग ने साफ किया है कि इसतरह के किसी भी व्यक्ति को अभियान से जोड़ा नहीं जाएगा जो राजनीतिक तौर पर किसी पार्टी से जुड़ा हो। इस निर्णय के बाद रिंकू सिंह अब राज्य स्तरीय स्वीप आइकन के पद से हटाए जा चुके हैं। आशीष दुबे / 01 अगस्त 2025