07-Aug-2025
...


-मिंट पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे रंगून,(ईएमएस)। म्यांमार के कार्यवाहक राष्ट्रपति मिंट स्वे का गुरुवार को निधन हो गया। वे 74 साल के थे और पिछले कुछ समय से बीमार थे। उन्होंने देश के सैन्य अस्पताल नंबर-2 में अंतिम सांस ली। उनके निधन की आधिकारिक जानकारी नेशनल डिफेंस एंड सिक्योरिटी काउंसिल ने दी। मिंट स्वे म्यांमार के अनुभवी सैन्य अधिकारी और नेता थे। उन्होंने लंबे समय तक देश की सेवा की और हाल के वर्षों में उन्हें कार्यवाहक राष्ट्रपति की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्हें सत्तारूढ़ सैन्य सरकार का भरोसेमंद चेहरा माना जाता था। मिंट पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके स्वास्थ्य को लेकर सरकार की ओर से ज्यादा जानकारी नहीं दी गई। उनके निधन की खबर सामने आते ही म्यांमार में शोक की लहर फैल गई। देश के रक्षा और सुरक्षा महकमे समेत सरकार के अन्य विभागों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। मिंट स्वे को म्यांमार की राजनीति में सैन्य प्रतिनिधित्व का चेहरा माना जाता था। वह कई अहम प्रशासनिक निर्णयों और देश की नीतियों में सक्रिय रूप से शामिल रहे। उनका योगदान सुरक्षा और आंतरिक मामलों में देखा गया। बता दें म्यांमार पहले से ही राजनीतिक अस्थिरता और सैन्य शासन के खिलाफ संघर्ष के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में कार्यवाहक राष्ट्रपति का निधन देश की सत्ता और प्रशासन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। सिराज/ईएमएस 07अगस्त25 -----------------------------------